Uttarakhand SIR Notice: चीफ इलेक्शन ऑफिसर को SIR नोटिस, मंत्री- नेता प्रतिपक्ष के नाम में भी घपला!
Uttarakhand SIR Notice: उत्तराखंड में एसआईआर के दौरान गड़बड़ियों पर कई वीआईपी को भी नोटिस मिले हैं। इनमें प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम और नेता प्रतिपक्ष के नाम भी शामिल हैं।

Uttarakhand SIR Notice: उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत नाम, पते या मैपिंग की गड़बड़ियों को लेकर व्यापक स्तर पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसमें केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि खुद मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ), वर्तमान मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, कई वरिष्ठ नौकरशाह और राजनीतिक दलों के बड़े पदाधिकारी भी शामिल हैं।
चीफ इलेक्शन ऑफिसर को नोटिस
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के पिता के नाम में विसंगति के चलते उन्हें नोटिस मिला, जिसका निस्तारण उन्होंने बीएलओ को दस्तावेज सौंपकर किया। उनके पिता के नाम की वर्तनी में गड़बड़ी सामने आई थी। इसके अलावा कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, काशीपुर एसडीएम अभय प्रताप सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंग्वाल और एपीडी विम्मी जोशी को भी नाम व पते में त्रुटियों के निवारण के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
विशिष्ट नागरिक और अन्य प्रमुख हस्तियां
सोनीपत सांसद व हरिद्वार से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी और पौड़ी के प्रसिद्ध साहित्यकार नरेंद्र कठैत का नाम वोटर लिस्ट से कटने पर उन्हें भी नोटिस जारी किए गए हैं। विधानसभा चुनाव में बदरीनाथ से प्रत्याशी रहे नवल किशोर खाली, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी मुन्नी तिवारी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा को भी सुनवाई व अभिलेख सत्यापन के लिए नोटिस दिए गए हैं।
कई नेताओं के परिजनों के नामों में भी विसंगति
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के पुत्र संजीव आर्य व पुत्रवधू, यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष शिव शंकर भाटिया व उनकी पत्नी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज (अल्मोड़ा), पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी (चम्पावत), भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा (हरिद्वार) और यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर समेत कई दलीय पदाधिकारियों को नाम या पते की विसंगतियों पर नोटिस मिले हैं।
SIR में जिंदा वोटरों को मरा हुआ दिखाया, बवाल
उधर, उधमसिंह नगर के जसपुर में एसआईआर की आपत्ति के दौरान तीन जिंदा वोटरों को मृत दिखाने पर बवाल मच गया। लोगों ने आरोप लगाया कि बिना जांच-पड़ताल के ही आपत्तियां लगाई जा रही हैं। छह मतदाताओं ने कोतवाली में तहरीर देकर फर्जी आपत्तियां लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला चौहानान स्थित कांग्रेस नगराध्यक्ष मो. नाजिम के कार्यालय में गुरुवार को विधायक आदेश चौहान पहुंचे। जानकारी के बाद शादाब अख्तर, नूरहसन और जुबेदा खातून ने विधायक को बताया कि जिंदा होने के बावजूद उनको मृत दिखाकर आपत्ति दर्ज की गई है।
इतना ही नहीं अफरोजा और जरीना समेत अन्य मतदाताओं को शिफ्ट दिखा दिया है जबकि वह अपने घरों में रह रहीं हैं। शकील अहमद, मो. शाहबाज आदि मतदाताओं ने कोतवाली पहुंचकर फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं विधायक आदेश चौहान ने इस काम के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बताया कि तीन दिन में 2800 मतदाताओं की आपत्तियां दर्ज की गई हैं। आरोप है कि एक समुदाय विशेष के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। मामले में एसडीएम से संपर्क किया जा रहा है।


