उपनल कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी; 2018 तक नियुक्ति वालों को समान वेतन और DA
उत्तराखंड के उपनलकर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 2018 तक नियुक्ति वाले सभी कर्मियों को समान वेतन और महंगाई भत्ता मिलेगा। यह प्रक्रिया अप्रैल 2027 से लागू होगी।

उत्तराखंड के विभिन्न विभागों में उपनल के माध्यम से आउटसोर्स पर नियुक्त कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने पहले चरण में एक जनवरी 2016 से पहले नियुक्त कर्मचारियों के साथ ही 12 नवंबर 2018 तक नियुक्त उपनल कर्मचारियों को समान वेतन और महंगाई भत्ता देने की कार्रवाई तत्काल शुरू करने का निर्णय किया है।
गुरुवार को सैनिक कल्याण सचिव युगल किशोर पंत ने उपनल कर्मियों के समान वेतन आदेश में नया संशोधन शामिल करते हुए जीओ जारी किया। संशोधित आदेश के अनुसार एक जनवरी 2016 से पहले नियुक्त उपनल कर्मियों के साथ-साथ एक जनवरी 2016 से 12 नवंबर 2018 तक नियुक्त कर्मियों को भी न्यूनतम वेतनमान एवं महंगाई भत्ते सहित भुगतान की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से शुरू की जाएगी। बड़ी संख्या में कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
1 अप्रैल 2027 से प्रक्रिया शुरू
सैनिक कल्याण सचिव पंत के अनुसार 13 नवंबर 2018 से 15 अक्तूबर 2024 तक पात्रता की कटऑफ तिथि के बीच नियुक्त और कार्यरत उपनल कर्मियों को वेतनमान एवं महंगाई भत्ता देने की प्रक्रिया एक अप्रैल 2027 से शुरू की जाएगी। बाकी नियम पूर्व की भांति लागू रहेंगे।
कर्मचारी संघ ने उठाई थी आवाज
बता दें कि बीते दिनों उत्तराखंड उपनल संविदा कर्मचारी संघ ने सरकार से प्रदेशभर में विभिन्न महकमों में सेवारत 22 हजार उपनल कर्मियों के चरणबद्ध नियमितीकरण के संबंध में ठोस कदम उठाने की मांग की थी। संघ पदाधिकारियों ने बताया था कि 10 सितंबर को हाईकोर्ट ने मौखिक रूप से वेतन न रोकने, पांच माह का लंबित वेतन तत्काल जारी करने और कर्मचारियों को नए अनुबंध-बॉन्ड के लिए बाध्य न करने का निर्देश दिया था लेकिन शासन की ओर से कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।


