Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़UP Woman Approaches High Court Seeking Reservation in Uttarakhand court refuse appeal
यूपी की महिला उत्तराखंड में आरक्षण के लिए पहुंच गई HC, अदालत में क्या दलील दी

यूपी की महिला उत्तराखंड में आरक्षण के लिए पहुंच गई HC, अदालत में क्या दलील दी

संक्षेप:

यूपी की एक महिला उत्तराखंड में आरक्षण के लिए हाई कोर्ट पहुंच गई। महिला ने दलील दी कि उसकी शादी उत्तराखंड में हुई है, इसलिए वह नौकरी में आरक्षण की हकदार है, लेकिन अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसले का हवाला देते हुए याचिका खारिज कर दी। 

Nov 26, 2025 08:19 am ISTGaurav Kala नैनीताल
share Share
Follow Us on

आरक्षण को लेकर उत्तराखंड हाईकोर्ट ने मंगलवार को अहम फैसला दिया। अपने निर्णय में कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दूसरे राज्य की अनुसूचित जाति की ऐसी महिला, जो शादी के बाद उत्तराखंड में बसी हो, उसे यहां की सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ नहीं दिया जा सकता। न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी की एकलपीठ ने अंशु सागर समेत कई अन्य याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह फैसला दिया। एकलपीठ ने माना, ‘आरक्षण का अधिकार क्षेत्र विशिष्ट होता है और यह प्रवास के साथ स्थानांतरित नहीं होता।’

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

याचिकाकर्ता अंशु सागर मूल रूप से यूपी के मुरादाबाद की निवासी थीं। उन की शादी उत्तराखंड में एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति से हुई। अंशु जन्म से ‘जाटव’ समुदाय से हैं, जो यूपी में अनुसूचित जाति है। विवाह के बाद उन्होंने उत्तराखंड के जसपुर में जाति प्रमाणपत्र और स्थायी निवास प्रमाणपत्र बनवाया। इसके आधार पर उन्होंने यहां सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक भर्ती के लिए आरक्षण का दावा किया, जिसे विभाग ने अस्वीकार कर दिया।

ये भी पढ़ें:प्रेगनेंसी क्रूरता के खिलाफ ढाल नहीं; दिल्ली HC का फैसला और अलग हो गए पति-पत्नी
ये भी पढ़ें:निशिकांत दुबे मामले में हेमंत सरकार पर झारखंड HC ने क्यों लगा दिया जुर्माना?

राज्य सरकार की ओर से तर्क दिया गया कि 16 फरवरी 2004 एवं अन्य शासनादेशों के अनुसार, आरक्षण का लाभ सिर्फ उत्तराखंड के मूल निवासियों के लिए है। पड़ोसी राज्यों के निवासी भले ही वे उत्तराखंड में जाति प्रमाणपत्र बनवा लें, लेकिन सार्वजनिक रोजगार में आरक्षण के हकदार नहीं होंगे। साथ ही तर्क दिया गया कि जाति का दर्जा जन्म से तय होता है, विवाह से नहीं। जाति प्रमाणपत्र जारी होना भी सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ के फैसलों की कठोरता को कम नहीं कर सकता। इस आधार पर कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं द्वारा मांगी गई राहत को खारिज कर दिया व उनकी रिट याचिकाएं निरस्त कर दीं।

एकलपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का दिया हवाला

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट के ‘मैरी चंद्र शेखर राव’ व ‘रंजना कुमारी बनाम उत्तराखंड राज्य’ जैसे प्रमुख फैसलों का हवाला दिया। इन फैसलों में सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही यह सिद्धांत स्थापित किया है कि संविधान के अनुच्छेद 341 और 342 के तहत अनुसूचित जाति एवं जनजाति की सूची ‘उस राज्य के संबंध में’ होती है। ऐसे में, एक राज्य में अनुसूचित जाति का व्यक्ति दूसरे राज्य में स्वत: ही वह दर्जा नहीं पा सकता। प्रवास, चाहे वह स्वैच्छिक हो या अनैच्छिक (जैसे शादी के कारण) किसी व्यक्ति को दूसरे राज्य में आरक्षण का अधिकार नहीं देता।

Gaurav Kala

लेखक के बारे में

Gaurav Kala
गौरव काला को नेशनल, राजनीति, अंतरराष्ट्रीय, क्राइम और वायरल समाचार लिखना पसंद हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 10 साल कार्य का अनुभव। लाइव हिन्दुस्तान से पहले अमर उजाला, दैनिक जागरण और ईटीवी भारत जैसे मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।