
UKSSSC New Calendar: पेपर लीक के बाद दो परीक्षाएं हो चुकी रद्द, अब इन तारीखों को एग्जाम
UKSSSC New Calendar: पेपर लीक कांड के बाद 5 और 12 अक्टूबर की परीक्षाएं रद्द हो चुकी हैं। सूत्रों की मानें तो अब आयोग को नया या संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी करना पड़ सकता है। आगामी परीक्षाओं की प्रस्तावित तिथियां जारी की गई हैं।
UKSSSC New Calendar: यूके ट्रिपलएससी की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के बाद रद्द होने से आगामी परीक्षाओं का कैलेंडर भी गड़बड़ा सकता है। इस प्रकरण के बाद आयोग की 5 और 12 अक्तूबर की परीक्षाएं पहले रही स्थगित हो चुकी हैं। 12 अक्तूबर को होने वाली परीक्षा का तो आयोग की ओर से कार्यक्रम ही जारी नहीं हुआ।
416 पदों के लिए रद्द हुई स्नातक स्तरीय परीक्षा को अगले तीन महीनों के भीतर पुनः आयोजित करने की घोषणा की गई है। जबकि 5 अक्तूबर (सहकारी निरीक्षक वर्ग-2 और सहायक विकास अधिकारी) और 12 अक्तूबर (कृषि विभाग में तकनीकी पद) की परीक्षा को स्थगित करने के बाद नई तारीखें कब जारी की जाएंगी, इसकी कोई घोषणा नहीं की गई है।
आयोग के सूत्रों की मानें तो लंबित परीक्षाओं के कारण आगे की घोषित परीक्षाओं के कार्यक्रम पर दबाव बढ़ेगा और उनमें देरी हो सकती है। सूत्रों की मानें तो अब आयोग को नया या संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी करना पड़ सकता है।
यूकेएसएसएससी का प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम
UKSSSC ने आगामी भर्तियों की प्रस्तावित परीक्षा तिथियां जारी कर दी हैं। आयोग के अनुसार, वन दरोगा के 124 पदों की परीक्षा 28 अक्टूबर को होगी, जबकि सहायक लेखाकार की परीक्षा 17 नवंबर को आयोजित की जाएगी। उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग सदस्य के 20 पदों की परीक्षा 15 दिसंबर को होगी। इसके बाद सहायक अध्यापक एलटी (विशेष शिक्षा) के 128 पदों के लिए परीक्षा 18 जनवरी 2026 को, विशेष तकनीकी अर्हता के 62 पदों के लिए 1 फरवरी 2026 को, और वाहन चालक के 37 पदों के लिए 22 फरवरी 2026 को परीक्षा होगी। वहीं कृषि (इंटरमीडिएट/स्नातक) वर्ग के 212 पदों की परीक्षा 15 मार्च 2026 को और सहायक लेखाकार (विभिन्न विभाग) के 36 पदों की परीक्षा 29 मार्च 2026 को होगी। अंत में, सामान्य ग्रुप-सी के 386 पदों की परीक्षा 10 मई 2026 से तथा आईटीआई/कंप्यूटर/डिजाइन संबंधी 41 पदों की परीक्षा 31 मई 2026 से शुरू की जाएगी।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




