नैनीताल में खाई में गिरा फरीदाबाद के पर्यटकों का टैंपो ट्रैवलर, 2 की मौके पर मौत
नैनीताल के मुक्तेश्वर में दर्दनाक हादसा हो गया। फरीदाबाद के पर्यटकों का वाहन खाई में गिर गया। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

नैनीताल के मशहूर हिल स्टेशन मुक्तेश्वर घूमने आए फरीदाबाद के पर्यटकों का टैंपो ट्रैवलर शुक्रवार दोपहर रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को रेस्क्यू कर सीएचसी रामगढ़ भेजा गया है। एक पर्यटक अब भी वाहन के नीचे दबा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से 21 लोगों का दोस्तों का समूह मुक्तेश्वर घूमने आया था। शुक्रवार को वापस लौटते समय दुत्कानेधार के पास अचानक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।
दो की मौके पर मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी है। घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों और घायलों की पहचान कर रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
50 फीट की खाई में गिरा टैक्सी चालक, मौत
लंबे समय से नैनीताल में रहकर टैक्सी चला रहे बुलंदशहर निवासी 45 वर्षीय मनोज जैन की बुधवार देर रात पार्किंग की बहुमंजिला इमारत से नीचे खाई में गिरने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, थाना सदर, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश निवासी मनोज जैन पुत्र प्रेम चंद्र जैन कई वर्षों से नैनीताल में रहकर टैक्सी संचालन कर रहा था। वह टैक्सी स्टैंड स्थित कार्यालय में ही रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात वह कमरे से बाहर लघुशंका के लिए निकला। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह करीब 50 फीट ऊंचे पार्किंग स्थल से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से उसे खाई से निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
टांडा में मिला युवक का शव
रामनगर। ग्राम टांडा की गूल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। गुरुवार सुबह लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक टांडा मल्लू रामनगर के निकट गूल में एक अज्ञात शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिये है। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है। 72 घंटे की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जाएगी। घटना स्थल के आसपास के लोगों से जानकारी ली जा रही है। सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।


