
हरिद्वार में मांस से लदे टेंपो की टक्कर से गाय की मौत के बाद तनाव, विधायक के इशारे पर पथराव
हरिद्वार के लक्सर में गाय की मौत के बाद बवाल देखने को मिला। मांस से लदे एक टेंपो की टक्कर से गाय की मौत हो गई थी। आरोप है कि विधायक ने भीड़ को भड़काया और पुलिस पर पथराव कराया। 10 पर मुकदमा।
हरिद्वार जिले के खानपुर क्षेत्र में गाय की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। इस घटना में निर्दलीय विधायक उमेश कुमार समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 100 से 150 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया है। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने भीड़ को भड़काया और पुलिस पर पथराव किया।

घटना लक्सर-रायसी-बालावाली मार्ग पर कुड़ी भगवानपुर गांव के पास हुई, जहां बिजनौर की ओर जा रहे मांस से लदे एक टेंपो ने गाय को टक्कर मार दी। गाय की मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साई भीड़ ने टेंपो को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस के साथ विधायक उमेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही थी, तभी भीड़ ने पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी मोहित खंतवाल और किशोर नेगी घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख कई थानों से अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी और पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
इस मामले में खड़ंजा कुतुबपुर निवासी निक्की दीक्षित ने टेंपो चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं सड़क जाम करने और पुलिस पर पथराव करने के आरोप में विधायक उमेश कुमार और उनके समर्थकों पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




