
घनसाली की स्वास्थ्य सेवाएं लंबे समय से उपेक्षा का शिकार: बॉबी पंवार
घनसाली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के खिलाफ चल रहे धरना-प्रदर्शन को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। आंदोलन के 37वें दिन, उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों की समस्याएं सुनीं और सरकार तक मुद्दा उठाने का आश्वासन दिया। आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलतीं।
घनसाली क्षेत्र में लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के खिलाफ चल रहे घनसाली स्वास्थ्य जन संघर्ष मोर्चा के धरना-प्रदर्शन को लगातार जनसमर्थन मिलता जा रहा है। बुधवार को आंदोलन के 37वें दिन उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बॉबी पंवार धरना स्थल पहुंचे और मोर्चा की मांगों का पूर्ण समर्थन किया। बुधवार को पीएचसी पिलखी में धरना स्थल पर पहुंचे बॉबी पंवार ने कहा कि, घनसाली क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रही हैं, जिसके चलते आम जनता को इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आंदोलनकारियों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और आश्वासन दिया कि वह सरकार तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे।

धरना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि, घनसाली क्षेत्र में डॉक्टरों की कमी, उपकरणों का अभाव और स्वास्थ्य केंद्रों की जर्जर स्थिति पहले से ही चिंता का विषय रही है। लोगों का कहना है, कि जब तक क्षेत्र को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मोर्चा के पदाधिकारियों ने बॉबी पंवार के समर्थन पर आभार जताते हुए कहा कि, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का बढ़ता समर्थन इस लड़ाई को और मजबूती देता है। घनसाली में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुधार की मांग को लेकर यह आंदोलन लगातार जनांदोलन का रूप लेता जा रहा है और स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि, जल्द ही सरकार इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाएगी। इस मौके पर विनोद लाल शाह, संदीप आर्य, अजय कंसवाल, अनुज शाह, लोकेंद्र दत्त जोशी, विजय राम जोशी, उम्मेद सिंह चौहान, पुरुषोत्तम, हरीश रावत, चतर सिंह रमोला, विनोद चौधरी, शांति लाल आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




