
हेंवल नदी के उफान पर होने से पेयजल लाइनों को नुकसान
बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चंबा के नागणी क्षेत्र में हेंवल नदी उफान पर है। नदी के जलस्तर में वृद्धि से चंबा पंपिंग योजना को भारी नुकसान हुआ है, जिससे अगले तीन दिनों तक जलापूर्ति करना...
बीते रात से हो रही मूसलाधार बारिश से चंबा के नागणी क्षेत्र में हेंवल नदी उफान पर है। नदी का विकराल रूप देखकर लोग दहशत में हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने से चंबा पंपिंग योजना को खासा नुकसान पहुंचा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज ने बताया कि तिमली सेरा नागणी में चंबा, रानीचौरी और थान पंपिंग योजना का इंटेक है। जो नदी के जलस्तर बढ़ने से क्षतिग्रस्त हो गया है। साथ ही चेंबर और मेन राइजिंग लाइन को भी नुकसान हुआ है। अभी नदी का जलस्तर बहुत ज्यादा है। जिससे आकलन करना मुश्किल है। बताया कि जिस तरह से नुकसान हुआ है, उससे पंपिंग योजना से अगले तीन दिनों तक जलापूर्ति करना मुश्किल है।

उन्होंने बताया कि वैकल्पिक तौर पर चंबा और रानीचौरी में फिलहाल टैंकरों से जलापूर्ति कराई जाएगी। थान गांव में ग्रेविटी की योजना है। विभाग सारज्यूला पंपिंग योजना से भी कुछ आपूर्ति चंबा और रानीचौरी के लिए करने का प्रयास करेगा। बताया कि बारिश से जौनपुर ब्लॉक के ग्वाली डांडा पंपिंग योजना और रगड़ गांव पेयजल स्कीम को भी नुकसान हुआ है। साथ ही नरेंद्रनगर ब्लॉक क्षेत्र में खारा स्रोत में मेन राइजिंग लाइन बहने से इन क्षेत्रों में जलापूर्ति करना कुछ दिनों तक चुनौती बना रहेगा। ईई भारद्वाज ने बताया कि जल्द ही नुकसान का आकलन कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




