
बैंक दिए गए लक्ष्यों को समय पर करें पूरा:नितिका
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में एक बैठक में बैंकों को दिए गए लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर दिया गया। विधायक किशोर उपाध्याय ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकारी योजनाओं का प्रचार करने का सुझाव दिया। बैंकों को वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने और ऋण आवंटन में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय पुनरीक्षण समन्वय समिति,डीसीसी एवं आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक में बैंकों को दिए लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि कुछ बैंक लोन देने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। जिससे लाभार्थियों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बैंकों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। बुधवार को आयोजित डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने शिरकत की। विधायक ने किसानों को आय को दोगुना करने के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने, स्टेक होल्डर को भी बैठक में आमंत्रित करने,एप्पल मिशन,कीवी मिशन,बागवानी मिशन को कलस्टर बेस पर चलाने का सुझाव दिया।
साथ ही सब्सिडी वाली स्वरोजगार परक योजनाओं के काश्तकारों को बिना देरी किए लोन देने को कहा। ताकि वह अपना स्वरोजगार शुरू कर सके। डीएम ने बैंकों द्वारा लगाए गए वित्तीय साक्षरता शिविर,डिजिटल बैंकिंग,वार्षिक ऋण योजना की प्रगति,ऋण जमा अनुपात,बैंकिंग सुविधाओं के साथ ही सरकार द्वारा प्रायोजित स्वरोजगार में ऋण आवंटित करने संबंधी जानकारी ली। कहा कि विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत जो भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं,उन्हें समय पर पूर्ण करें। उन्होंने बैंकों को प्रत्येक गांव में जीपीडीपी बैठकों के दौरान वित्तीय साक्षरता शिविर लगाने,शिविर आयोजन की सूचना विधायकों को देने, लाभान्वित का विवरण उपलब्ध कराने, जिन आवेदकों के ऋण स्वीकृत हुए हैं और ऋण न दिए जाने का कारण,ऋण आवेदनों को निरस्त करने का कारण सहित सप्ताह में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में पीएम सूक्ष्म खाद्य उधम उन्नयन योजना,पीएम फसल बीमा योजना,मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना,वीरचंद्र सिंह गढ़वाली योजना,पीएम सुरक्षा योजना,दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास योजना,पीएम स्वनिधि आदि पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर सीडीओ वरूणा अग्रवाल,पीडी डीआरडीए पीएस चौहान,एलडीएम मनीष मिश्रा, सीएओ विजय देवराड़ी,डीटीडीओ एसएस राणा, डीएचओ अरविंद शर्मा,सभासद विजय कठैत,रामलाल नौटियाल आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




