5 लाख ले लो, पर कोई बचा लो...’ भाई गिड़गिड़ाता रहा और गंगा में डूब गया कांवड़िया
देवप्रयाग से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। एक कांवड़िया गंगा में डूब गया। उसके सामने बड़ा भाई रोता रहा, गिड़गिड़ाता रहा… 5 लाख ले लो मेरे भाई को बचा लो।
पांच लाख रुपये ले लो, बस मेरे भाई को बचा लो... देख लो कोई मेरा भाई है...। देखते ही देखते कांवड़ यात्री गंगा में डूब गया और उसका बड़ा भाई गिड़गिड़ाता रहा। ये हृदयविदारक घटना उत्तराखंड के देवप्रयाग में घटी है। इन दिनों प्रदेश में कांवड़ यात्रा जोरों पर हैं। अब तक 4 करोड़ से अधिक कांवड़िए गंगा जल लेकर हरिद्वार से रवाना हो चुके हैं। इस बीच देवप्रयाग में एक कांवड़ यात्री की गंगा में डूबने से मौत हो गई। कांवड़ यात्री के भाई का हृदय विदारक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह घटना शनिवार को देवप्रयाग के एक घाट पर घटी, जहां एक कांवड़िया नदी में नहाते समय तेज धारा में फंस गया। जैसे ही धारा उसे बहा ले गई, उसका बड़ा भाई किनारे पर खड़ा होकर मदद के लिए चिल्लाता रहा और लोगों से उसे बचाने की गुहार लगाता रहा। वह बार-बार चिल्लाता रहा- 5 लाख ले तो लेकिन मेरे भाई को बचा लो कोई...।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। युवक अपने छोटे भाई को बचाने के लिए संघर्ष करता दिखाई दे रहा है। रो रहा है और लोगों से गुहार लगा रहा है। उसे बेबस होकर रोते हुए सुना जा सकता है, “पांच लाख रुपये ले लो, बस मेरे भाई को पकड़ लो, बचा लो।” नदी का बहाव बहुत तेज़ था। मदद के लिए की गई तमाम गुहारों और कोशिशों के बावजूद, कांवड़िए की जान नहीं बच सकी।
रुड़की में सड़क हादसों में चार कांवड़ियों की जान गई
कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलग-अलग हादसों में चार कांवड़ियों की मौत हो गई। रविवार देर शाम हरिद्वार-मंगलौर बाईपास पर रिमझिम ढाबे के पास बुलेट और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो कांवड़िए संदीप मलिक (35) निवासी शामली और विपिन (40) निवासी शामली गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद इसी के निकट कार और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार घायल हो गया।
दूसरी ओर, शनिवार देर रात नारसन शिव मंदिर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आए एक 25-30 वर्षीय कांवड़िए की सिविल अस्पताल रुड़की में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके बैग से 6110 रुपये और मोबाइल मिला है। फोन बंद होने से मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
परिजनों को दी सूचना
रविवार सुबह लिब्बरहेड़ी में अज्ञात वाहन की टक्कर से 45 वर्षीय कांवड़िए की मौत हो गई। उसकी पहचान मांगा निवासी बड़ौत उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। पुलिस घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि हरिद्वार-मंगलौर बाईपास हादसे में मारे गए दोनों कांवड़ियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
कांवड़ियों की सुरक्षा को कंट्रोल रूम से निगरानी
श्रावण कांवड़ मेला-2026 को लेकर एसएसपी स्वयं सड़क से लेकर कंट्रोल रूम तक पर पैनी नजर बनाये हैं। जिससे कांवड़ियों सहित आम लोगों की सुरक्षा बेहतरी से सुनिश्चित हो। एसएसपी ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कांवड़ मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों, पार्किंग स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था को देखा। साथ ही ड्रोन के माध्यम से की जा रही निगरानी के संबंध में भी जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क नजर रखी जाए। कहा कि किसी भी आपात स्थिति में क्विक रिस्पॉन्स टीम को तत्काल सक्रिय किया जाए।
गंगोत्री धाम में कांवड़ियों की भीड़
उत्तरकाशी। 11 अगस्त को सावन मास की शिवरात्री पर होने वाले जलाभिषेक के लिए देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने गंगोत्री धाम पहुंच रहे हैं। इससे गंगोत्री धाम में कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ी है। जिसे देखते हुए पुलिस कप्तान कमलेश उपाध्याय ने स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं एवं यातायात व्यवस्था की कमान संभाली है। रविवार को कांवड यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित रूप से संपंन करने को लेकर पुलिस कप्तान कमलेश उपाध्याय गंगोत्री धाम पहुंची । उन्होंने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया ।

