सुरेंद्र कोली निठारी कांड के कई राज जानता था, उसकी हत्या की गई : परिजन

हिन्दुस्तान, अल्मोड़ा/ नाेएडा
share

निठारी कांड के मुख्य आरोपी रहे सुरेंद्र कोली का परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार हो गया। पुलिस को उसका शव शुक्रवार को उसकी चाय की दुकान में मिला था। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई।

surendra koli
सुरेंद्र कोली

नोएडा के बहुचर्चित निठारी कांड मामले में 20 साल तक जेल में रहने वाले सुरेंद्र कोली के शव का शनिवार को हरिद्वार में अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में उसके बेटे और भाइयों समेत महज 6 लोग शामिल हुए। दूसरी ओर, उसके परिजनों ने सुरेंद्र कोली की अचानक हुई मौत पर कई सवाल उठाए। उनका कहना है कि सुरेंद्र को निठारी कांड के कई राज मालूम थे। इन्हें छिपाने के लिए ही उसकी हत्या की गई है।

जानकारी के अनुसार, निठारी कांड के सभी आरोपों से बरी होने वाले अल्मोड़ा जिले के मंगरूखाल निवासी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को कोली का शव शुक्रवार को हरिद्वार के भूपतवाला इलाके में उसकी चाय की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पुलिस ने आशंका जताई है कि कोली ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या की है।

घटना की सूचना मिलते ही हरिद्वार पहुंचे पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने बताया कि शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद वहीं सुरेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जून में पहली बार पिता से मिला था बेटा

इस दौरान सुरेंद्र कोली का 20 साल का इकलौता बेटा भी मौके पर मौजूद था। यह बताया गया कि रिहाई के बाद इसी साल जून में दोनों की मुलाकात हुई थी और दूरियां मिटी थीं। इस पहली और आखिरी मुलाकात ने पिता-पुत्र के बीच आत्मीय लगाव की नई शुरुआत की थी। पर यह लगाव सुरेंद्र के सुसाइड के साथ खत्म हो गया। वहीं, सुरेंद्र के अतीत से दूरी बना चुके उसके तीन भाई-अल्मोड़ा मासी निवासी आनंद राम और दिल्ली से आए चंदन राम व हरीश कोली भी हरिद्वार पहुंचे।

पत्नी और बेटी अंतिम संस्कार के दौरान भी नहीं पहुंचीं

सुरेंद्र कोली की मौत की खबर सुनकर 20 साल का बेटा हरिद्वार पहुंच गया। अल्मोड़ा और दिल्ली में रहने वाले तीनों भाई भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे, लेकिन सुरेंद्र की पत्नी और बेटी अंतिम दर्शन के लिए नहीं आईं। बीस साल जेल में रहने और रिहाई के बाद से पत्नी और बेटी से मिलने का सुरेंद्र का इंतजार मौत के बाद भी पूरा नहीं हो पाया।

डी-5 बंगले को रिलीज कराने पर सुनवाई टली

निठारी कांड के बाद करीब दो दशक से सील नोएडा के सेक्टर-31 स्थित डी-5 बंगले को रिलीज कराने की अर्जी पर शनिवार को सुनवाई नहीं हो सकी। वकीलों की हड़ताल के कारण स्पेशल सीबीआई कोर्ट में सुनवाई टल गई। स्पेशल जज अवनीश कुमार पांडेय ने अगली सुनवाई के लिए 26 सितंबर की तारीख तय की है। बंगले के मालिक मोनिंदर सिंह पंढेर और उनकी पत्नी देवेंद्र कौर ने संयुक्त रूप से इसे रिलीज कराने के लिए अर्जी दाखिल की है। डी-5 बंगला निठारी कांड के बाद सील कर दिया गया था।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़सुरेंद्र कोली निठारी कांड के कई राज जानता था, उसकी हत्या की गई : परिजन