ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडपूर्वानुमान: उत्तराखंड में दो दिन की बारिश व बर्फबारी के बाद शनिवार से मौसम रहेगा साफ 

पूर्वानुमान: उत्तराखंड में दो दिन की बारिश व बर्फबारी के बाद शनिवार से मौसम रहेगा साफ 

प्रदेश के विभिन्न पहाड़ी इलाकों एवं पर्यटक स्थलों पर दो दिन से बारिश एवं बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने शनिवार से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। यानि प्रदेश भर में धूप...

पूर्वानुमान: उत्तराखंड में दो दिन की बारिश व बर्फबारी के बाद शनिवार से मौसम रहेगा साफ 
हिन्दुस्तान टीम, देहरादूनFri, 05 Feb 2021 08:00 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश के विभिन्न पहाड़ी इलाकों एवं पर्यटक स्थलों पर दो दिन से बारिश एवं बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने शनिवार से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। यानि प्रदेश भर में धूप खिलेगी। मौसम निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अलगे तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। धूप खिली रहेगी और हवाएं चल सकती है। अभी तीन दिन तक मौसम शुष्क बना रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।

दून में न्यूनतम पारा लुढ़का, अधिकतम में आया उछाल
देहरादून। 
गुरुवार दिन और रात को झमाझम बारिश के बाद शुक्रवार का मौसम दून में खुशगवार रहा। दिन में अच्छी धूप खिली। लेकिन दोपहर के बाद घने बादल आसमान में छा गये और शाम को ठंड में इजाफा हो गया। देर शाम तक दून में बारिश नहीं हुई थी। मसूरी, धनोल्टी समेत अन्य पहाड़ी इलाकों में बारिश एवं बर्फबारी के चलते मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। देहरादून में दिनभर धूप खिली रही। दोपहर को करीब ढ़ाई बजे घने बादल आसमान में छा गये। लगा कि तेज बारिश होगी, लेकिन बारिश नहीं हुई। बारिश को सर्दी में इजाफा हो गया और देर शाम को अलाव जल उठे।

वहीं न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक दून का न्यूनतम पारा 8.1 से 5.4 पहुंच गया है। वहीं धूप की वजह से अधिकतम तापमान में थोड़ा उछाल देखने को मिला है। अधिकतम 17.3 से 22.8 डिग्री पहुंच गया। उधर, मसूरी में न्यूनतम पारा -2 डिग्री पहुंचा। मसूरी एवं धनोल्टी में बड़ी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही लगी है।

यह रहा तापमान
शहर           अधिकतम न्यूनतम
देहरादून       22.8 5.4
पंतनगर        23.2 7.6
मुक्तेश्वर        5.4 -0.9
नई टिहरी      8.8 -0.2
 

नैनीताल-मुक्तेश्वर में सीजन की पहली बर्फबारी
नैनीताल/मुक्तेश्वर।
नैनीताल-मुक्तेश्वर में शुक्रवार को सीजन के साथ ही वर्ष की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते पर्यटकों के चेहरे भी खिल गए। आसपास के इलाकों से पर्यटकों का रुख बर्फबारी देखने के लिए नैनीताल-मुक्तेश्वर की ओर हो गया। वहीं मुक्तेश्वर क्षेत्र में सतबुंगा, खपराड़ धानाचूली, पहाड़पानी, क्वैदल, मनाघेर आदि जगहों पर 1 से 2 इंच तक बर्फबारी हुई है। कुछ जगहों पर सड़कों से बर्फ हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी को जेसीबी का इस्तेमाल करना पड़ा।

सरोवर नगरी और आसपास के इलाकों में गुरुवार शाम से ही मौसम का मिजाज बदल गया था। रात में बारिश शुरू हो गई थी। मौसम में आये बदलाव से तापमान में गिरावट आ गई। देर रात ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ के फाहे गिरने लगे थे। सुबह लोगों को पहाड़यिां बर्फ से ढकी दिखाई दीं। हालांकि रात्रि में नैनीताल नगर में बर्फबारी नहीं हुई, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्र स्नोव्यू, चाइनापीक, हिमालय दर्शन इलाके में बर्फबारी शुरू हो गई थी। शहर में शुक्रवार सुबह 11.30 बजे बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हुई।

दोपहर में शहर में ओलावृष्टि, हिमकण से करीब डेढ़ इंच तक की सफेद परत बिछ गई। उधर, मुक्तेश्वर, सतबुंगा, खपराड़, धानाचूली, पहाड़पानी, क्वैदल, मनाघेर आदि ऊंचे स्थानों पर एक से 2 इंच तक बर्फबारी हुई है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यम से बर्फबारी की जानकारी मिलने के बाद आसपास के शहरों से सैलानियों का रुख नैनीताल और मुक्तेश्वर की ओर हो गया। मुक्तेश्वर व समीपवर्ती क्षेत्रों में 12 बजे से 12.45 तक बर्फबारी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट के मुताबिक नैनीताल में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 6 डिग्री और न्यूनतम -0.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

जाम में फंसे पर्यटक
नैनीताल।
नगर में हुई बर्फबारी से पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों के चहरों पर रौनक आ गई। सीजन की पहली बर्फबारी होने से शहर में पर्यटक उमड़ने लगे। शहर में भीड़ बढ़ने से अपराह्न करीब एक बजे बाद नगर के सभी आतंरिक मार्गों पर वाहन जाम में फंस गए। बर्फ की वजह से फिसलन भी बढ़ गई। बाद में बर्फ पिघली तो वाहनों की आवाजाही शुरू हो पायी। वहीं नगर के हिमालय दर्शन, स्नोव्यू, किलबरी, पंगूट, बारापत्थर समेत कई मार्गों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें नजर आईं। हाईकोर्ट के समीप जाम लगने के चलते पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मल्लीताल रिक्शा स्टैंड के समीप से चढ़ाई पर जाने वाले वाहनों को सीमित मात्रा में भेजा। कुछ जगहों पर पीडब्ल्यूडी ने जेसीबी के माध्यम से बर्फ को हटाया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें