ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडपहाड़ में बारिश से गंगा फिर उफनाई, जलस्तर बढ़ने से स्नानघाट जलमग्न

पहाड़ में बारिश से गंगा फिर उफनाई, जलस्तर बढ़ने से स्नानघाट जलमग्न

पहाड़ में बारिश से गंगा फिर उफना गई। गंगा का जलस्तर सवा लाख क्यूसेक मीटर प्रति सेकण्ड को पार कर गया। गंगा दिनभर चेतावनी निशान को छूकर बही। जलस्तर बढ़ने से आरती स्थल समेत सभी स्नानघाट जलमग्न हो गये।...

पहाड़ में बारिश से गंगा फिर उफनाई, जलस्तर बढ़ने से स्नानघाट जलमग्न
हिन्दुस्तान टीम, ऋषिकेश Tue, 11 Aug 2020 04:17 PM
ऐप पर पढ़ें

पहाड़ में बारिश से गंगा फिर उफना गई। गंगा का जलस्तर सवा लाख क्यूसेक मीटर प्रति सेकण्ड को पार कर गया। गंगा दिनभर चेतावनी निशान को छूकर बही। जलस्तर बढ़ने से आरती स्थल समेत सभी स्नानघाट जलमग्न हो गये। पुलिस ने स्नानघाट पर जा रहे लोगों को लौटाया। 

पहाड़ में बारिश से सुबह के समय गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई। सुबह दस बजे एक लाख तीस हजार क्यूसेक से अधिक पानी बहने पर गंगा चेतावनी निशान 339.50 मीटर को छूकर बहने लगी।

करीब 11 बजे जलस्तर चेतावनी निशान को पार कर 339.60 तक पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ सूचना केंद्र पर तैनात कर्मियों को सतर्क कर दिया गया। दोपहर 2 बजे बाद जलस्तर घटने लगा और गंगा चेतावनी निशान के आसपास ही बही।

बीती रविवार से गंगा का जलस्तर लगातार घट बढ़ रहा है। एसडीएम वरुण चौधरी ने बताया कि बारिश से गंगा का जलस्तर घट बढ़ रहा है। इसके लिये बाढ़ सूचना केंद्र पर तैनात कर्मियों को सतर्क रहने को कहा है। गंगा पर स्नान करने में सावधानी बरतने को कहा है। 

त्रिवेणीघाट जलपुलिस चौकी में घुसा पानी
गंगा का जलस्तर बढ़ने पर त्रिवेणीघाट में जलपुलिस की चौकी में पानी भर गया। स्नानघाट जलमग्न होने पर स्नानार्थियों को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हटाया। शुक्रवार को दिनभर स्नानघाट जलमग्न रहे। सीओ महेन्द्र सिंह ने बताया कि गंगा का जलस्तर घट-बढ़ रहा है। इसलिये स्नानार्थियों को घाटों पर जाने से रोका जा रहा है। इसके लिये पुलिस घाटों पर तैनात की गई है।

दिनभर गंगा का यह रहा जलस्तर
सुबह 5 बजे   339.50
सुबह 7 बजे   339.53
सुबह 9 बजे   339.55
सुबह 11 बजे  339.60
दोपहर12 बजे  339.61
दोपहर 2 बजे  339.50

पशु नदी में फंस गए
डोईवाला। दूधली क्षेत्र के नागल ज्वालापुर में चारागाह जा रहे पशु अचानक सुषमा नदी में आई बाढ़ के चलते बीच में फंस गए। मवेशी फंसने से चरवाहे सकते में आ गये। इस दौरान आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गये। करीब तीन घंटे बाद  पशुओं को वहां से निकाला गया।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें