ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडउत्तराखंड: नैनीताल में सीजन का पहला हिमपात, मुनस्यारी में पानी जमा

उत्तराखंड: नैनीताल में सीजन का पहला हिमपात, मुनस्यारी में पानी जमा

कुमाऊं में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार को मुनस्यारी, कपकोट में जहां रुकरुक कर हिमपात हुआ वहीं नैनीताल में देर रात सीजन का पहला हिमपात हुआ। चम्पावत, अल्मोड़ा में भी दिन भर छाए बादलों ने ठंड बढ़ा...

Snowfall in Nainital
1/ 2Snowfall in Nainital
(Symbolic Image)
2/ 2(Symbolic Image)
कुमाऊं, हिन्दुस्तान टीमMon, 07 Jan 2019 08:19 AM
ऐप पर पढ़ें

कुमाऊं में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार को मुनस्यारी, कपकोट में जहां रुकरुक कर हिमपात हुआ वहीं नैनीताल में देर रात सीजन का पहला हिमपात हुआ। चम्पावत, अल्मोड़ा में भी दिन भर छाए बादलों ने ठंड बढ़ा दी है। वहीं तराई में जारी शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मुनस्यारी में कई कुंड का पानी जम गया है।

मुनस्यारी में रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। अधिकतम तापमान छह डिग्री और न्यूनतम -4 डिग्री दर्ज किया गया। बर्फबारी के बाद क्षेत्र के थामरी कुंड, महेश्वर कुंड, राकस ताल, नंदा कुंड का पानी जम गया है। उधर, पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में दिनभर बादल छाये रहने और बूंदाबांदी से कड़ाके की ठंड रही। वहीं, थल-मुनस्यारी मार्ग बर्फ से ढक गया है। कालामुनि के पास हिमपात से वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गयी है। वहीं चम्पावत में रविवार को ठंड के आगोश में सिमटा रहा। जिला मुख्यालय में सुबह के वक्त हुई बूंदाबांदी से ठंड में बढ़ोतरी हो गयी। दिनभर शीत लहर चलने का दौर जारी रहा। ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में भी गिरावट आ गई। जिला मुख्यालय में सुबह से ही बादल छाए रहे। ठंड से बचने के लिए लोग आग सेकते रहे। चम्पावत में न्यूनतम तापमान दो डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 11 डिग्री रहा।

सरोवर नगरी में सीजन का पहला हिमपात
सरोवरी नगरी नैनीताल में रविवार को सीजन का पहला हिमपात हुआ। शहर के ऊंचाई वाले हिस्सों में कुछ समय तक बर्फ की फाहें तो गिरी, जमीन पर नहीं टिकी। लेकिन यहां मौजूद सैलानियों ने मौसम के इस मिजाज का जमकर लुत्फ उठाया। बर्फबारी के कारण क्षेत्र के तापमान में भारी गिरावट आई है। दोपहर बाद जिले के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। नगर में बीते कुछ दिन पहले हिमकण गिरने के बाद लोग बेसब्री से बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे। रविवार को सुबह ही मौसम ने करवट बलदना शुरू कर दिया। सर्द हवाओं के साथ सुबह बूंदाबांदी हुई। लेकिन दोपहर में मौसम सामान्य होने लगा।

अपराह्न चार बजे आसमान में फिर से बादल घिर आए और बूंदाबादी शुरू हो गई। नगर के ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फ की फाहें गिरना शुरू हो गई। यह सिलसिला करीब दस मिनट ही चला। स्नोव्यू और हिमालय दर्शन समेत अन्य ऊंचाई वाले पर्यटक स्थलों पर सैलानियों ने बर्फ की फांहों का जमकर लुत्फ उठाया। हालांकि कुछ देर बाद बर्फ गिरना बंद हो गया। बारिश और बर्फबारी के बाद ठंड में इजाफा हो गया है। जिला मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को नगर में अधिकतम तापमान 11 और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। देर शाम तक और गिरावट बताई जा रही है। अब नैनीताल में बर्फबारी के आसार बढ़ गए हैं।

कपकोट में मौसम का दूसरा हिमपात
रविवार को जनपद में मौसम ने करवट बदली। सुबह से बादल छाये रहने के बाद दोपहर में हल्की बूंदाबांदी हुयी। वहीं, कपकोट के उंचाई वाले हिस्सों में मौसम का दूसरा हिमपात हुआ है। इससे पूरे जिले में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री रहा। बदियाकोट, झूनी, खलझूनी, धुर, विनायक, कर्मी, तोली, पैथी, बघर, लीती, कुंवारी, बोरबलड़ा, बाछम, खाती, सुराग,कालो, डोला आदि गांवों में एक से दो इंच हिमपात हुआ है।

तराई में धुंध और शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन
कोहरा छाने और शीतलहर चलने से रविवार को तराई में ठिठुरन का असर बढ़ता दिखाई दिया। लोग अलाव सेंककर और गर्म कपड़े पहनकर सर्दी का सामना करते नजर आए। हालांकि दोपहर में खिली हल्की धूप ने कुछ राहत जरूर दिलायी। लेकिन देर शाम होते-होते एक बार फिर पूरा का पूरा तराई कोहरे और शीतलहरों के आगोश में डूबा दिखाई दिया। रविवार को अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नैनीताल-हल्द्वानी में देर शाम बूंदाबांदी
हल्द्वानी और नैनीताल में सुबह से बादल छाये रहे। दोपहर में धूप निकली, लेकिन सर्द हवाओं के चलने से ठंड का अहसास बरकरार रहा। शाम को नैनीताल, हल्द्वानी, भवाली में बूंदाबांदी के बाद मौसम में सर्दी और बढ़ गयी। नैनीताल में अधिकतम तापमान 11, न्यूनतम दो और मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 10, न्यूनतम एक डिग्री दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में हिमपात के आसार से सैलानियों के चेहरे खिले हुये हैं।

जीबी पंत विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात, मैदानों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इससे अगले कुछ दिन ठंड में और बढ़ोतरी होगी।

कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

शहर का नाम अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
मुनस्यारी 06 -04
मुक्तेश्वर 10 01
अल्मोड़ा 18 1.5
लोहाघाट 08 02
नैनीताल 11 02
चम्पावत 11 02
पंतनगर 18 02
टनकपुर 13 03
बागेश्वर 14 03
पिथौरागढ़ 14 3.3
बनबसा 12 05
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें