ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

हिंदी न्यूज़ उत्तराखंडबीजेपी कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बयान पर टेंशन, कांग्रेस का प्रदेशभर में जमकर प्रदर्शन

बीजेपी कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बयान पर टेंशन, कांग्रेस का प्रदेशभर में जमकर प्रदर्शन

बीजेपी के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादत को हादसा बताये जाने सम्बन्धी बयान से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं नें प्रदेशभर में उनके खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

बीजेपी कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बयान पर टेंशन, कांग्रेस का प्रदेशभर में जमकर प्रदर्शन
Himanshu Kumar Lallदेहरादून। हिन्दुस्तान टीमWed, 01 Feb 2023 04:42 PM
ऐप पर पढ़ें

बीजेपी के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादत को हादसा बताये जाने सम्बन्धी बयान से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं नें प्रदेशभर में उनके खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी नेतृत्व में एस्ले हॉल चौक पर प्रदर्शन करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का पुतला फूंका।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे मंत्री की संकुचित मानसिकता और अपरिपक्वता का प्रतीक बताते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। डॉ. गोगी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सरकार को जनादेश देश का भविष्य सुधारने के लिए देती है। परंतु, भाजपा और उसके नेता भविष्य सुधारने के काम में बुरी तरह विफल हुए हैं; इसलिए  अपनी विफलता से जनता का ध्यान हटाने के लिए बार बार देश का इतिहास बदलने का कुत्सित प्रयास करते रहते हैं।

भाजपा के नेताओं को चाहिए कि वे इतिहास को बदलने के बजाय देश का भविष्य बदले व उसे और बेहतर करे। साथ ही देश और राज्य के सामने जो चुनौतियां हैं उनकी तरफ ध्यान दे। मंत्री जी को न तो इतिहास की जानकारी है और न ही राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता स्थापित में नेहरू गाँधी परिवार के गौरवपूर्ण योगदान और बलिदान की। उन्होंने कहा की मंत्री का यह बयान राजनीतिक शिष्टाचार का घोर उल्लंघन है।

भाजपा के नेताओं की आदत हो गयी है कि वे कभी महापुरुषों का अपमान करते हैं तो कभी सनातन धर्म की मान्यताओं का। कांग्रेसियों ने मंत्री जोशी के इस्तीफे की मांग की। इस अवसर पर  प्रदेश महासचिव गोदावरी थापली, पूरन सिंह रावत, गरिमा दसौनी, , मनीष नागपाल, आदि मौजूद थे 

कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया
विकासनगर।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी व राजीव गांधी की शहादत को हादसा बताये जाने को लेकर कांग्रेस का गुस्सा सडकों पर फूट पड़ा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री जोशी के खिलाफ प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया।

कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के मंत्री व नेता जोशीमठ में सरकार की विफलता, प्रदेश के विभिन्न विभागों में हो रहे भर्ती घोटालों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ अनगर्ल बयानबाजी कर रहे हैं। पहाडी गली चौकी पर एकत्रित होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया।

इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कार्यकारी जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कपरूवान अग्रवाल ने कहा की दोनों पूर्व प्रधानमंत्रियों के बलिदान पर अमर्यादित टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। मर्यादित पद पर बैठे नेता की भाषा शैली उनके मानसिक संतुलन और संस्कारों को परिलक्षित करती है।

भाजपा नेताओं को आत्म अवलोकन करने की आवश्यकता है। लक्ष्मी कपरूवान अग्रवाल ने भाजपा और आरएसएस के लोगो पर आरोप लगाते हुए कहा की भाजपा और आरएसएस के लोग सत्ता के अहंकार से अपना मानसिक संतुलन खो चुके है। प्रदर्शनकारियों में शहर अध्यक्ष कितेश जायसवाल, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, भास्कर चुग, रेखा रमोला, अमित पंवार शामिल रहे।            

कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ प्रदर्शन किया
नई टिहरी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी पर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की ओर से दिए गए बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री के पुतले के साथ प्रदर्शन कर पुतले को आग के हवाले किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान उनकी घटिया मानसिकता को दर्शता है।

बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नई टिहरी स्थित बौराड़ी साईं चौक में प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ प्रदर्शन कर उनके पुतले को आग के हवाले किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी पर जिस प्रकार का अमर्यादित बयान दिया गया है, वह भाजपा के नेताओं की घटिया मानसिकता को दर्शता है।

उन्होंने कहा गांधी परिवार ने देश के लिए शहादत दी है, उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को अपने बयान पर तल्काल माफी मांगनी चाहिए। यादि विरोध के बावजूद वह अपना बयान वापस नहीं लेते हैं, तो भविष्य में कैबिनेट मंत्री के टिहरी दौरे के दौरान उनको काले झंडे दिखाकर विरोध किया जाएगा।

कहा कि एक कैबिनेट मंत्री को इस प्रकार के घटिया बयानबाजी शोभा नहीं देता है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में शहरध्यक्ष देवेन्द्र नौटियाल, कुलदीप पंवार, लखवीर चौहान, आशी रावत,मुर्तजा वेग, नवीन सेमवाल आदि उपस्थित थे।

कीर्तिनगर में कैबिनेट मंत्री के खिलाफ नारेबाजी
जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और उनके परिवार के खिलाफ गलत बयानबाजी करने पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का पुतला दहन किया। बुधवार को कीर्तिनगर बाजार में प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव मंगतराम मटियाल एवं सेवादल जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चंद ने कहा कि मंत्री का गांधी परिवार के प्रति दिया गया बयान निंदनीय है। इस मामले में उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इस अवसर पर आशुतोष रावत, उदय रावत, वीरेंद्र राणा, राजेंद्र सिंह बुटोला, गंभीर जयाडा, हर्षमणि, रविंद्र भट्ट, गम्मा सिंह सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।