ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड6.5 लाख से ज्यादा किसानों का कर्ज माफ नहीं करेगी सरकार

6.5 लाख से ज्यादा किसानों का कर्ज माफ नहीं करेगी सरकार

विधानसभा में संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि सरकार राज्य के साढ़े छह लाख से ज्यादा किसानों का कर्ज माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ऐसी इच्छा तो है, लेकिन यह संभव नहीं। भाजपा विधायक...

6.5 लाख से ज्यादा किसानों का कर्ज माफ नहीं करेगी सरकार
लाइव हिन्दुस्तान टीम,देहरादून Tue, 25 Sep 2018 01:06 PM
ऐप पर पढ़ें

विधानसभा में संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि सरकार राज्य के साढ़े छह लाख से ज्यादा किसानों का कर्ज माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ऐसी इच्छा तो है, लेकिन यह संभव नहीं। भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने नियम 54 के तहत किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा उठाया था।

जीना ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने किसानों का कर्ज माफ कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान किसानों की स्थिति सुधारने का आश्वासन दिया था। ऐसे में सरकार को किसानों का कर्ज माफ करना चाहिए। जीना ने कहा कि किसान की स्थिति अच्छी नहीं होगी तो राज्य और देश की स्थिति नहीं सुधारी जा सकती। इस पर पंत ने कहा कि सरकार ने किसानों की स्थिति सुधारने को कई प्रयास किए हैं। किसानों को दो प्रतिशत ब्याज पर एक लाख तक का लोन दिया जा रहा है। किसानों की आय दो गुना करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की इच्छा है कि किसानों को राहत दी जाए लेकिन हमारी वित्तीय स्थिति ऐसी नहीं हैं। सरकार अन्य तरीकों से किसानों की स्थिति सुधारने के प्रयास कर रही है। पंत ने बताया कि राज्य में करीब पांच लाख किसानों ने छह हजार पांच सौ करोड़ के लगभग फसली लोन लिया है। डेढ़ लाख किसानों ने तकरीबन तीन हजार करोड़ के टर्न लोन लिए हैं। इसके अलावा भी कई तरह के लोन हैं। 

गैर आबाद गांवों तक भी जाएगी सड़क : पंत 
सत्र के दौरान संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने बताया, पीएमजीएसवाई के तहत 250 से अधिक आबादी के अधिकांश गांव सड़कों से जोड़े जा चुके हैं। जो गांव रह गए हैं उन्हें वर्ष 2019 तक सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य है। विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने पीएमजीएसवाई की सड़कों के लिए 250 की आबादी का मानक कम करने का अनुरोध किया था। इस पर पंत ने कहा कि सरकार सभी गैर आबाद गांवों को सड़कों से जोड़ेगी। जीओ टैकिंग की वजह से पीएमजीएसवाई से रह गए गांवों का प्रस्ताव केंद्र सरकार  को भेजा जाएगा। 

नमामि गंगे में शामिल होंगी सहायक नदियां 
संसदीय कार्यमंत्री ने सदन में कहा कि गंगा नदी के बाद राज्य की अन्य सहायक नदियों को भी नमामि गंगे परियोजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा सफाई जागरुकता का भी विषय है और सभी लोगों को इसमें सहयोग करना चाहिए। पंत ने कहा, भविष्य में देहरादून-मसूरी- सुवाखोली- भवान मोटर मार्ग, देहरादून-मसूरी- कैंपटीफॉल- यमुनापुल- नौगांव -बड़कोट -जानकीचट्टी सड़कों को भविष्य में ऑल वेदर रोड़ परियोजना में शामिल करने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें