ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडचारधाम यात्रा: मुखबा से गंगोत्री धाम चली मां गंगा की डोली

चारधाम यात्रा: मुखबा से गंगोत्री धाम चली मां गंगा की डोली

छह माह तक अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव में निवास करने के बाद सोमवार को मां गंगा की डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई। डोली को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ सवा मन (50...

चारधाम यात्रा: मुखबा से गंगोत्री धाम चली मां गंगा की डोली
लाइव हिन्दुस्तान,उत्तरकाशी। सुरेंद्र नौटियाल Mon, 06 May 2019 07:12 PM
ऐप पर पढ़ें

छह माह तक अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव में निवास करने के बाद सोमवार को मां गंगा की डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई। डोली को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ सवा मन (50 किलो) का कलेऊ, स्थानीय पकवान देकर दोपहर 12:35 पर मुखबा के ग्रामीणों ने मां गंगा को विदाई दी। वहीं मंगलवार को अक्षय तृतीया के पर्व पर शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोचारण के साथ 11:35 पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट देश विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। 

सोमवार को मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव में सुबह से ही मां गंगा की विदाई की तैयारियां शुरू हो गई थीं। सुबह विशेष पूजा अर्चना और आरती के बाद गंगा की उत्सव डोली को सजाया गया। इसके बाद तय मुहूर्त के अनुसार 12:35 पर मां गंगा की उत्सव डोली आर्मी बैंड की धुन पर मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। गंगा की डोली यात्रा में मुखबा के साथ ही धराली, हर्षिल समेत उपला टकनौर के ग्रामीणों तथा कई तीर्थयात्रि शामिल हुए। मार्कण्डेय पुरी स्थित दुर्गा मंदिर में पहुंचने के बाद मां गंगा के साथ भक्तों ने अल्प विश्राम किया। मुखबा के प्राचीन पैदल यात्रा पथ से होते हुए डोली शाम को भैरों घाटी पहुंची।

यहां भंडारे के साथ रात्रि जागरण की व्यवस्था की गई है। यहां पूरी रात भजन कीर्तन किया जाएगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल और दीपक सेवमाल ने बताया कि मंगलवार तड़के डोली यात्रा गंगोत्री के लिए रवाना होगी। जहां विधिवत पूजा अर्चना और वैदिक मंत्रोचारण के साथ  11:30 बजे गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस मौके पर गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल, सचिव दीपक सेमवाल, सह सचिव राजेश सेमवाल, हरीश सेमवाल, प्रेम बल्लभ सेमवाल,अरूण कुमार सेमवाल, रवि सेमवाल, प्रवीन सेमवाल, संजय सेमवाल,  गंगा पुरोहित सभा के अध्यक्ष पवन सेमवाल, ग्राम प्रधान अनिता देवी, सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य सुधा मार्तोलिया आदि मौजूद रहे।

 

खरसाली से आज रवाना होगी मां यमुना की डोली 
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के पहले धाम यमुनोत्री के लिए मां यमुना की डोली शनिदेव की अगुवाई में मंगलवार को अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली से सुबह 9 बजे यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। जो दोपहर 11 बजे यमुनोत्री मंदिर पहुंचेगी। जहां विधिवत पूजा अर्चना एवं हवन के बाद दोपहर 1:15 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश में मंगलवार को चारधाम यात्रा का विधिवत शुरू हो जायेगी। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव कृतेश्वर उनियाल ने बताया कि मां यमुना की डोली के स्वागत के लिए यमुनोत्री धाम को फूलमालाओं से सजा दिया गया है। मंगलवार सुबह मां यमुना की डोली सैंकड़ों ग्रामीण एवं देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ प्रात: 9 बजे खरसाली गांव से यमुनोत्री धाम को प्ररथान करेगी। जहां पर यात्राकाल के दौरान आगामी छह माह तक देश विदेश के श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। कहा कि यमुना की विदाई के लिए सभी प्रवासी खरसाली गांव पहुंच चुके हैं।

 

 
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें