ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडभर्ती घोटाले ने खोली भाजपा की पोल,कांग्रेस का सरकार पर जमकर प्रहार; कापरी, गाेदियाल-जोशी की सीबीआई जांच की मांग

भर्ती घोटाले ने खोली भाजपा की पोल,कांग्रेस का सरकार पर जमकर प्रहार; कापरी, गाेदियाल-जोशी की सीबीआई जांच की मांग

यूकेएसएसएससी (UKSSSC)भर्ती घोटाले में भाजपा नेता हाकम सिंह की गिरफ्तारी ने कांग्रेस को सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा दे दिया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग की है।

भर्ती घोटाले ने खोली भाजपा की पोल,कांग्रेस का सरकार पर जमकर प्रहार; कापरी, गाेदियाल-जोशी की सीबीआई जांच की मांग
Himanshu Kumar Lallदेहरादून। विशेष संवाददाताSun, 14 Aug 2022 05:56 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

यूकेएसएसएससी (UKSSSC)भर्ती घोटाले में भाजपा नेता हाकम सिंह की गिरफ्तारी ने कांग्रेस को सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा दे दिया। कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी ने कहा कि भाजपा नेता की गिरफ्तारी ने संकेत दे दिए हैं कि इस नौकरियों की भर्ती के घोटालों में भाजपा के कई बड़े नेता भी शामिल हैं।

इसलिए यूकेएसएसएसी की सभी भर्तियों की सीबीआई जांच होना जरूरी है। कापड़ी ने कहा कि कांग्रेस पहले दिन से ही भर्तियों में रसूखदारों की भूमिका को लेकर आवाज उठा रही है। लेकिन भाजपा अपनी गर्दन फंसते देखकर सीबीआई जांच से बच रही है। यदि वास्तव में सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस रखती है तो सीबीआई जांच कराने की हिम्मत भी दिखाए।

कापड़ी ने पुलिस भर्ती को राज्य स्तर के बजाए जिला स्तर पर ही कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती को राज्य स्तर पर कराए जाने का फैसला भी अपने आप में गंभीर सवाल उठाने वाला है।  कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई भर्ती संदिग्ध है।

सरकार को प्रदेश के बेरोजगार नौजवानों के भविष्य की कोई परवाह नहीं है। वीपीडीओ भर्ती में जिस प्रकार रोज नए खुलासे हो रहे हैं, उसने साबित कर दिया है कि हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा करने वाली भाजपा नौकरियों का भी कारोबार कर रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष-संगठन मथुरादत्त जोशी ने सरकार को कठघरे में करते हुए कहा कि एसटीएफ द्वारा भाजपा नेता की गिरफ्तारी ने खुद ही सरकार और भाजपा की पोल खोल दी है।

गिरफ्तार नेता सरकार, भाजपा संगठन और आला नौकरशाहों का कितना लाड़ला है, यह उसके सेाशल मीडिया एकाउंट पर देखा जा सकता है। भर्ती नेटवर्क के तार यूपी समेत दूसरे राज्यों से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। इसलिए सरकार में जरा भी नैतिकता बची है तो तत्काल इस मामले की सीबीआई जांच कराए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें