केदारनाथ धाम में घोड़े की खराब हालत पर महिला तीर्थ यात्री का टोकना पड़ा भारी, घोड़ा-खच्चरों संचालकों ने की मारपीट; 5 गिरफ्तार
उत्तराखंड चार धाम यात्रा के शुरू होते ही देश के कई राज्यों से श्रद्धालु दर्शन करने को आ रहे हैं। महिला तीर्थ यात्री से अभद्रता की गई है। पुलिस ने ऐक्शन लेते हुए घोड़ा-खच्चर संचालक को गिरफ्तार किया है।

उत्तराखंड चार धाम यात्रा के शुरू होते ही देश के कई राज्यों से श्रद्धालु दर्शन करने को आ रहे हैं। बदरीनाथ, यमुनोत्री-गंगोत्री सहित चारों धामों में तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ है। तीर्थ यात्रियों की भीड़ के बीच केदारनाथ धाम में पहुंची महिला यात्री से अभद्रता का मामला सामने आया है।
दिल्ली निवासी महिला तीर्थ यात्री शिकायत पर पुलिस ने सख्त ऐक्शन लिया है। केदारनाथ यात्रा पर आई एक महिला तीर्थयात्री के साथ अभद्रता करने वाले पांच घोड़ा खच्चर संचालकों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि पुलिस आरोपी सभी घोडा खच्चरों का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, केदारनाथ धाम यात्रा पर आई श्रद्धालु तनुका पौण्डार निवासी महिपालपुर दिल्ली ने कोतवाली सोनप्रयाग में शिकायत की गई कि वह 10 जून को गौरीकुंड से केदारनाथ यात्रा के लिए पैदल जा रही थी। पैदल रूट पर भीमबली पुल के पास एक घोड़ा बुरी हालत में नीचे गिरा हुआ था।
जिसकी वजह से वह वहां पर रुकी गई थी। महिला तीर्थ यात्री का कहना था कि उसने आस-पास के लोगों से मदद मांगी लेकिन, किसी के द्वारा कोई मदद नहीं की गई। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पर अन्य जीवों को बुरी तरह मार रहा था, जिसका विरोध करते हुए ऐसा न करने को कहा।
ऐसा बोलते ही घोड़ा संचालक की भीड़ वहां पर आई। महिला का आरोप है कि चार से पांच लोगों ने उनके साथ मारपीट और बदतमीजी की। कहा कि बीच बचाव करने आये अन्य घोड़ा संचालकों के साथ भी मारपीट की गई। केदारनाथ से वापस आने पर कोतवाली सोनप्रयाग में इसकी शिकायत की गई।
शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर कोतवाली सोनप्रयाग ने मामले की विवेचना करते हुए घटना में शामिल पांच अभियुक्तों का चिन्हीकरण किया गया है। जिसमें अंकित सिंह, सन्तोष कुमार, रोहित कुमार सभी जयकण्डी, थाना अगस्त्यमुनि, जिला रुद्रप्रयाग निवासी हैं जबकि गौतम सिंह निवासी ग्राम जाखन भरदार, थाना व जिला रुद्रप्रयाग व एक नाबालिग लड़का भी इस घटना में शामिल था।
पुलिस द्वारा इन सभी घोड़े संचालन हेतु जारी किये गये लाइसेन्स निरस्तीकरण विषयक अनुरोध भी सम्बन्धित विभाग से किया गया है। इधर, बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यात्रा पर आ रहे सभी तीर्थयात्रियों का अतिथि देवो भवों के साथ सम्मान किया जाता है, किंतु इस तरह की घटना घोर कृत के समान है, उन्होंने पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को फोन कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा है।
लेखक के बारे में
Himanshu Kumar Lallलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


