टिहरी लोकसभा सीट में कांग्रेस से जोत सिंह गुनसोला की ‘चुनावी वापसी’ क्या रही वजह?
उनके नाम की घोषणा होते ही कांग्रेसियों में खुशी की लहर दौड़ गई। मसूरी के उनके समर्थकों ने मिठाई बांट व आतिशबाजी कर खुशी मनाई। टिहरी लोकसभा सीट पर जोत सिंह गुनसोला कांग्रेस प्रत्याशी है।

उत्तराखंड की पहली-दूसरी विधानसभा में लगातार विधायक रहने वाले जोत सिंह गुनसोला की टिहरी से कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी के रूप में एक दशक के बाद चुनावी राजनीति में वापसी हो रही है। गुनसोला को समर्थक उन्हें ह्वै जालू(हो जाएगा) डायलॉग के लिए भी जानते हैं।
कांग्रेस की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए घोषित तीन प्रत्याशियों में सबसे चौंकाने वाला नाम गुनसोला का रहा। टिहरी से यूं तो कांग्रेस की पहली पसंद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह थे, लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से मना कर दिया।
इसके बाद प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी व उत्तरकाशी के जिपं अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण भी चर्चाओं में रहे। इन सबके बीच गुनसोला बाजी मार ले गए। कांग्रेस ने जोत सिंह को मैदान में उतारकर, उन्हें अनुशासित रहकर काम करने का इनाम भी दिया है।
मसूरी से दो बार पालिकाध्यक्ष और दो बार विधायक रहने के बावजूद कांग्रेस ने उन्हें 2017 और 2022 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़वाया। गुनसोला ने पार्टी के निर्णय को चुपचाप स्वीकारा। गुनसोला दो बार क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष रहे हैं।
बीते सप्ताह ही क्रिकेट एसोसिएशन में उनका कार्यकाल खत्म हुआ था। अब पार्टी ने उन्हें फिर सक्रिय राजनीति की पिच पर उतार दिया। उनके नाम की घोषणा होते ही कांग्रेसियों में खुशी की लहर दौड़ गई। मसूरी के उनके समर्थकों ने मिठाई बांट व आतिशबाजी कर खुशी मनाई। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव महेश जोशी ने कहा, गुनसोला की जीत को कांग्रेस मजबूती से जुटेगी।
10 फरवरी 1954 को जन्म
1973 से 1979 तक मसूरी यूथ कांग्रेस अध्यक्ष
2002 से अब तक उत्तराखंड पीसीसी के सदस्य
2023 से अब तक इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष
1988 और 1997 में दो बार नगर पालिका मसूरी के अध्यक्ष चुने गए
2002 से 2007 तक मसूरी से विधायक रहे
2007 से 2012 तक मसूरी से दोबारा विधायक बने
पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। कांग्रेस एकजुटता के साथ चुनाव लड़ते हुए टिहरी सीट पर जीत दर्ज करेगी।
जोत सिंह गुनसोला, कांग्रेस प्रत्याशी, टिहरी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।