ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडगृह मंत्री अमित शाह पहुंचे दून, चुनावी शंखनाद कर गरमाएंगे सियासत

गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे दून, चुनावी शंखनाद कर गरमाएंगे सियासत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उनका स्वागत...

गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे दून, चुनावी शंखनाद कर गरमाएंगे सियासत
हिन्दुस्तान टीम, देहरादूनSat, 30 Oct 2021 12:19 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उनका स्वागत किया। उत्तराखंड भाजपा के कई नेताओं के असंतुष्ट सुर से पार्टी को चुनावी साल में फजीहत झेलनी पड़ रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को ऐसे नेताओं पर सख्ती कर सकते हैं। शनिवार दोपहर भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय मंत्री शाह की मौजूदगी में भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी।  इसमें शामिल होने के लिए उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, सांसद तीरथ रावत, माला राज्य लक्ष्मी शाह समेत कोर कमेटी के अन्य सदस्य राजधानी पहुंच चुके हैं। 

चुनावी कार्यक्रमों पर लगेगी मुहर
सूत्रों ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले भाजपा अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए केंद्रीय नेताओं के दौरे तय कर सकती है। विधानसभा क्षेत्रों में जातीय समीकरण का ख्याल रखते हुए इन क्षेत्रों में उन नेताओं के दौरे कराए जा सकते हैं, जिनका संबंधित क्षेत्रों की जनता पर प्रभाव भी पड़ सकता है। मैदानी क्षेत्रों खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जिले में किसानों व ओबीसी जातियों जबकि पर्वतीय जिलों में पूर्व सैनिकों, युवाओं और महिलाओं पर प्रभाव छोड़ने वाले केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रमों पर मुहर लग सकती है।

उपलब्धियों पर भी रहेगा जोर
भाजपा सरकार के पौने पांच साल के कार्यकाल के दौरान की जो प्रमुख उपलब्धियां रही हैं, उनके जन-जन में प्रचार-प्रसार पर भी केंद्रीय मंत्री शाह का फोकस हो सकता है। इनमें गैरसैंण ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित, अटल आयुष्मान योजना में सभी को पांच लाख तक फ्री इलाज, महिला समूहों को स्व रोजगार के लिए पांच लाख रुपये बगैर ब्याज पर ऋण देने, किसानों को उपकरण खरीद पर बिना ब्याज ऋण, मुख्यमंत्री पोषण योजना आदि शामिल हैं। 

अमित शाह उत्तराखंड में आज शुरू करेंगे चुनावी अभियान 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को भाजपा के लिए चुनावी अभियान का आगाज शुरू करने जा रहे हैं। वे पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश व उत्साह भरेंगे। बन्नू स्कूल के ग्राउंड में होने वाली रैली की तैयारियों को लेकर भाजपा जी जान से लगी है। पार्टी ने रैली में डेढ़ लाख भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया है। देहरादून नगर निगम के सभी सौ वार्डों को दो-दो हजार भीड़ लाने का टारगेट दिया है। वहीं, जिले के 17 मंडलों को भीड़ जुटाने के लिए बसों की सुविधा दी गई है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई है। शाह की इस रैली से भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड पर आ चुकी है। बूथ से मंडल और जिलास्तर के पदाधिकारियों को अपने -अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच लगातार संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। अगले माह शाह कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी में भी रैली को संबोधित कर सकते हैं।

संगठन की तरफ से उनका यह कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।  उधर, शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने रेसकोर्स स्थित जनसभा स्थल का दौरा कर संबंधित व्यवस्थाओं का  निरीक्षण किया। उन्होंने डीएम डा. आर राजेश कुमार से आयोजन स्थल के बारे में जानकारी ली। धामी ने सभी व्यवस्थाएं कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए करने के निर्देश। इस दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सांसद नरेश बंसल,  डीआईजी जन्मेजय खंडूड़ी मौजूद थे।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें