ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडउत्तराखंड: गढ़वाली और कुमाऊंनी शोध केंद्र बनेंगे

उत्तराखंड: गढ़वाली और कुमाऊंनी शोध केंद्र बनेंगे

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा है कि गढ़वाली ओर कुमाउनी बोलियों को संरक्षण देने के लिए राज्य में दो शोध केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों में तमाम शोधों के अलावा दोनों बोलियों से संबंधित पाठयक्रम भी...

उत्तराखंड: गढ़वाली और कुमाऊंनी शोध केंद्र बनेंगे
लाइव हिन्दुस्तान टीम, देहरादूनMon, 26 Nov 2018 05:11 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा है कि गढ़वाली ओर कुमाउनी बोलियों को संरक्षण देने के लिए राज्य में दो शोध केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों में तमाम शोधों के अलावा दोनों बोलियों से संबंधित पाठयक्रम भी मौजूद होंगे। इसी महीने तीस नवंबर को हो रहे दून विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह की जानकारी देते हुए रावत ने कहा कि इस मौके पर कानपुर के सांसद एवं पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी और लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को डॉक्टरेट की मानद उपाधि दी जाएगा। 
राज्य की विशिष्ट प्रतिभाओं का करेंगे सम्मान
रविवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पत्रकारों को बताया कि प्रख्यात गीतकार, एड गुरु और लेखक प्रसून जोशी को कुमाऊं विवि मानद उपाधि प्रदान कर रहा है। जबकि जागर सम्राट और दुनिया के 18 देशों में स्थित विवि के विजिटिंग फैकल्टी लोक गायक प्रीतम भरतवाण को मुक्त विवि अपने दीक्षांत समारोह में मानद उपाधि प्रदान करेगा। 

विश्वविद्यालयों के अनिवार्य होंगे संस्कृत, वेद  और योग:
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दुनिया में भारत और खासकर उत्तराखंड की पहचान योग को लेकर है। जबकि संस्कृत एक लोकप्रिय भाषा है, जिसमें हमारे वेद और उपनिषद हैं। इसलिए सरकार राज्य के प्रत्येक विश्वविद्यालय के संस्कृत, वेद और योग विषय अनिवार्य करेगी। विश्वविद्यालयों के छात्र इन विषयों को ऐच्छिक रूप से पढ़ सकेंगे। 

धन सिंह की तारीफ: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की प्रशंसा करते हुये कहा  कि डा. धन सिंह रावत बेहतर और मेहनत से कार्य कर रहे हैं। हरिद्वार का ज्ञान कुंभ उन्हीं की मेहनत से आयोजित हो पाया। 

हर साल होंगे दीक्षांत समारोह 
उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि अब हर साल सभी विवि, चाहे वह प्राइवेट हो या सरकारी, सभी में दीक्षांत समारोह आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में विवि के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी उपाधि प्राप्त छात्र छात्राओं को विवि कुलाधिपति एवं राज्यपाल बेबी रानी मौर्य की ओर से दीक्षांत संबोधन दिया जाएगा। इस अवसर पर दून विवि के कुलपति डा चंद्रशेखर नौटियाल भी मौजूद रहे। 

पांच शिक्षकों को करेंगे सम्मानित 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच शिक्षकों को हर साल शिक्षा सम्मान से नवाजा जायेगा। सीएम रावत ने कहा कि अगर लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों को दंडित किया जाता है तो उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान होना भी जरूरी है। 

अयोध्या नहीं तो क्या काबा जाऊंगा
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अगर बुलावा आयेगा तो वो जरूर राम मंदिर के निर्माण में अयोध्या जायेंगे। उन्होंने कहा अयोध्या नहीं तो क्या काबा जायेंगे। उन्होंने कहा, विवाद जमीन को लेकर है। इस बात पर थोड़े है कि श्रीराम का जन्म भूमि अयोध्या है या नहीं। ये तो विश्व विख्यात है कि श्री राम की जन्म भूमि अयोध्या है। 

रिस्पना में नहाने को खुद करूंगा आमंत्रित
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, उनकी सरकार रिस्पना नदी की पवीत्रता बनाये रखने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने जो घोषणा की है वो संकल्प है। लिहाजा, तीन साल बाद वो खुद सभी पत्रकारों को रिस्पना नदी के साफ पानी में नहाने के लिये आमंत्रित करेंगे। 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें