ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडतो काम कर गया कांग्रेस में चार-चार कार्यकारी अध्यक्ष का फार्मूला...

तो काम कर गया कांग्रेस में चार-चार कार्यकारी अध्यक्ष का फार्मूला...

प्रदेश अध्यक्ष के साथ चार- चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाने को लेकर कांग्रेस नेतृत्व को भले ही सवालों का सामना करना पड़ा हो लेकिन कार्यभार ग्रहण करने के दिन कम से कम यह फैक्टर कांग्रेस के पक्ष में काम करता...

तो काम कर गया कांग्रेस में चार-चार कार्यकारी अध्यक्ष का फार्मूला...
हिन्दुस्तान टीम, देहरादून। चंद्रशेखर बुड़ाकोटी Wed, 28 Jul 2021 01:39 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश अध्यक्ष के साथ चार- चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाने को लेकर कांग्रेस नेतृत्व को भले ही सवालों का सामना करना पड़ा हो लेकिन कार्यभार ग्रहण करने के दिन कम से कम यह फैक्टर कांग्रेस के पक्ष में काम करता नजर आया। अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, प्रचार कमेटी और नेता विपक्ष की नई -नई तैनाती से हर कार्यकर्ता कुछ ना कुछ पाने के जोश से लबरेज नजर आया।  प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने संगठन की ओवरहॉलिंग का दांव खेला है। इसका असर कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह के रूप में नजर आया। लंबे समय बाद कांग्रेस के किसी आयोजन की गूंज शहर भर में सुनाई दी।

जौलीग्रांट से लेकर देहरादून में कांग्रेस भवन तक ना सिर्फ कांग्रेसी झंडे और होर्डिंग नजर, बल्कि जगह -जगह कांग्रेस कार्यकर्ता नए पदाधिकारियों के स्वागत में भी जुटे रहे। खास बात यह रही कि आयोजन स्थल पर हर नेता अपने अपने समर्थकों के साथ आया। चूंकि इस बार हाईकमान ने एक साथ दर्जन भर से अधिक नेताओं को कुछ ना कुछ देकर खुश किया है, इस कारण इस बार सभी नेताओं के समर्थक आयोजन स्थल पर उत्साह में नजर आए।

अन्य बार कांग्रेस के आयोजन जहां एक या दो नेताओं के समर्थकों तक सीमित होते थे, मंगलवार के आयोजन में पौड़ी के राठ क्षेत्र से गणेश गोदियाल के समर्थक तो थे ही सल्ट से रणजीत रावत की टीम और चकराता से प्रीतम के समर्थक भी उतने ही जोश में नजर आए। महिला कांग्रेस की पदाधिकारी भी अपनी विशिष्ट आंचलिक वेशभूषा में सबका स्वागत करती नजर आईं। अति उत्साह में भले ही आयोजन बुरी तरह प्रभावित हुआ हो लेकिन कार्यकर्ता का जोश ठीक चुनाव से पहले कांग्रेस को नई ऊर्जा दे गया है। सभी नेताओं ने इसे 2001 की याद दिलाते हुए कहा कि तब भी कांग्रेस इसी तरह मुकाबले में आई थी। 

भाजपा पर बरसे चारों कार्यकारी अध्यक्ष 
देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में कार्यभार ग्रहण करने के मौके पर कांग्रेस के चारों नव नियुक्त अध्यक्षों ने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी का आभार व्यकत किया और भाजपा सरकार पर हमला करते हुए 2022 में उसे उखाड़ फेंकने का आह्रवान किया। पूर्व मंत्री और कार्यकारी अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ ने कहा कि, भाजपा सरकार ने प्रदेश का विकास ठप कर दिया है। हर तबका सरकार से तंग है। कांग्रेस की नई टीम मौजूदा प्रदेश सरकार को उखाड़ देगी। कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व विधायक प्रो. जीत राम ने पार्टी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने मुझ जैसे मामूली कार्यकर्ता को अहम जिम्मेदारी दी है। इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करूंगा। भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि, प्रदेश के बेरोजगार और युवा सरकार से नाराज हैं। 2022 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनवा कर रहेंगे। कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व विधायक रणजीत रावत ने कहा कि, हम सब कांग्रेस के सिपाही हंै। सभी लोग अब नए जोश और उत्साह के साथ चुनाव तैयारी में जुटने जा रहे हैं।

जिम्मेदारी बड़ी, मैं छोटा बनकर काम करूंगा : गोदियाल
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा है कि उनको जिम्मेदारी भले ही बड़ी मिली है लेकिन वो छोटा आदमी बनकर काम करेंगे। गोदियाल ने वर्ष 2022 में कांग्रेस की सरकार बनाने का भी दावा किया। कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद कार्यकर्ताओं को गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड के शहीदों ने राज्य की खुशहाली के जो सपने देखे थे वो अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि वो प्रदेश अध्यक्ष बने हैं तो इसमें उनकी पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा का बहुत बड़ा योगदान है।

गोदियाल ने संकल्प लेते हुए कहा कि उनके मन में जो भी महत्वाकांक्षा रही होगी, उसे वो समाप्त कर रहे हैं। उनका एकमात्र लक्ष्य 2022 में कांग्रेस की सरकार बनाना है। इसके लिए वो सभी नेताओं के बीच गोंद की तरह काम करेंगे। उन्होंने मंच पर ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, किशोर उपाध्याय और हरीश रावत का हाथ अपने सिर पर रखवाकर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी, तिलकराज बेहड़, प्रो. जीतराम व रणजीत रावत ने भी कार्यभार संभाला। इससे पूर्व प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, चारों कार्यकारी अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, किशोर उपाध्याय, विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल,मनोज रावत, हरीश धामी, फुरकान अहमद, करन माहरा व प्रदीप टम्टा ने भी कांग्रेसियों को संबोधित किया। 

चेहरे की लड़ाई नहीं 
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस में चेहरे की कोई लड़ाई नहीं है। हमारे पास एक से बढ़कर एक चेहरे हैं। हम सबका लक्ष्य 2022 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाना है। 

हाईकमान ने मुझे अहम जिम्मेदारी दी है। कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और कार्यकर्ताओं के जोश के साथ आगे बढ़ने का काम करेगी। कांग्रेस का वादा है कि सरकार बनने पर आम आदमी की पीड़ा सरकार की पीड़ा होगी और भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी शासन पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता। 
गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें