ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडदेहरादून के मुख्य मार्गों से हटाए जाएंगे ई-रिक्शा, पढ़िए रूटों के नाम

देहरादून के मुख्य मार्गों से हटाए जाएंगे ई-रिक्शा, पढ़िए रूटों के नाम

देहरादून के मुख्य मार्गों पर ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। सरकार ने पुलिस के प्रस्ताव को मंजूरी देकर अधिसूचना जारी कर दी है। शासन ने गजट प्रकाशन के लिए लिथो प्रेस रुड़की भेजा है। बढ़ती जाम की समस्या और...

देहरादून के मुख्य मार्गों से हटाए जाएंगे ई-रिक्शा, पढ़िए रूटों के नाम
लाइव हिन्दुस्तान, देहरादून। महेश पांडेFri, 23 Aug 2019 04:04 PM
ऐप पर पढ़ें

देहरादून के मुख्य मार्गों पर ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। सरकार ने पुलिस के प्रस्ताव को मंजूरी देकर अधिसूचना जारी कर दी है। शासन ने गजट प्रकाशन के लिए लिथो प्रेस रुड़की भेजा है। बढ़ती जाम की समस्या और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है। ई-रिक्शा का संचालन वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। अब इनकी संख्या डेढ़ साल में बढ़कर करीब चार हजार पहुंच गई है। इसमें से 2500 हजार ही परिवहन विभाग में पंजीकृत हैं। इनका रूट तय नहीं होने और संख्या लगातार बढ़ने से ई-रिक्शा शहर के मुख्य मार्गों पर बेरोकटोक दौड़ रहे थे। जिसके चलते शहर में जाम की समस्या हो रही थी। वहीं, हाईवे और मुख्य मार्गों पर अन्य वाहनों की गति तेज होने के चलते ई-रिक्शा से दुर्घटना की भी आशंका थी। ऐसे में मई में एसएसपी के निर्देश पर ई-रिक्शा को मुख्य मार्गों से हटाने को लेकर प्रस्ताव तैयार किया था।  इसे परिवहन विभाग को भेजा गया था, जहां से प्रस्ताव को शासन को भेजा गया था। इस प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। एसपी यातायात प्रकाशचंद ने बताया कि शासन ने तीन अगस्त को अधिसूचना जारी कर दी। अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह ने इस संबंध में पत्र पुलिस को भेजा है। 

ई-रिक्शा के मुख्य मार्गों पर चलने के बाबत नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। ई-रिक्शा घंटाघर से राजपुर, आईएसबीटी, सहारनपुर आदि मुख्य मार्गों से हटेंगे और अन्य क्षेत्रों में चलेंगे। हाईवे और मुख्य मार्गों पर वाहनों की गति तेज रहती है, जिसके चलते उक्त मार्गों पर चलने वाले ई-रिक्शा से दुर्घटना की आशंका रहती है। 
प्रकाशचंद, एसपी यातायात


मई में समिति ने दी थी रिपोर्ट
सड़क सुरक्षा को  मई में नगर आयुक्त एआरटीओ, यातायात पुलिस के नेतृत्व में समिति गठित हुई। समिति ने मार्गों पर चलने वाले ई-रिक्शा को लेकर रिपोर्ट तैयार की। इसमें उक्त मार्गों पर इन्हें चलने से प्रतिबंधित करने की संस्तुति की गई थी।


ई-रिक्शा का किराया है सस्ता
शहर में ई-रिक्शा के चलने से शहरवासियों को कुछ राहत मिली थी। लंबे समय से शहर में यात्रियों को आईएसबीटी समेत अन्य मार्गों से गंतव्य को छोड़ने के लिए आटो चालक मनमाफिक किराया लेते थे। जबकि ई-रिक्शा ने कम किराया लेकर काफी राहत प्रदान की थी। 


इन रूटों पर होंगे बंद 
  • घंटाघर से आईएसबीटी
  • घंटाघर से मोहकमपुर
  • घंटाघर से राजपुर रोड
  • घंटाघर से रायपुर
  • घंटाघर से प्रेमनगर
  • घंटाघर से चकराता रोड, प्रेमनगर
  • रायपुर डायवर्जन से सहस्रधारा 
  • शिमला बाईपास से बड़ोवाला पुल
  • रिस्पना से आईएसबीटी

यह है पाबंदी का नियम
देहरादून। अधिकारियों की मानें तो ई-रिक्शा भारत सरकार की योजना के तहत चलाए  जा रहे हैं। इनके लिए कोई रूट तय नहीं किए गए हैं, लेकिन नगर क्षेत्र में एसपी, एसएसपी और ग्रामीण क्षेत्र में आरटीओ  एक महीने के लिए इनके रूट और संचालन की सीमा तय कर सकते हैं। इससे अधिक समय के लिए प्रतिबंध लगाने का अधिकार सरकार के पास है।

सामान्यत: वाहनों के रूट तय करने का अधिकार एसएसपी को होता है। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसएसपी अपने हिसाब से नियम तय कर सकते हैं। दून के एसएसपी ने ई-रिक्शा को मुख्य मार्गों पर चलने से प्रतिबंधित करने के लिए प्रस्ताव भेजा था। इसे शासन ने अनुमति दे दी है। 
शैलेश बगोली, परिवहन सचिव

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें