ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडघर में खुद डॉक्टर न बनें, परामर्श के बाद ही लें दवा

घर में खुद डॉक्टर न बनें, परामर्श के बाद ही लें दवा

कोरोना को लेकर लोगों में भ्रम और सामान्य बीमारियों के समाधान को लेकर आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान की ओर से रविवार को हेल्थ हेल्पलाइन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शानदार रहा और करीब डेढ घंटे चले कॉल के...

घर में खुद डॉक्टर न बनें, परामर्श के बाद ही लें दवा
कार्यालय संवाददाता,देहरादून। Sun, 24 May 2020 07:27 PM
ऐप पर पढ़ें

कोरोना को लेकर लोगों में भ्रम और सामान्य बीमारियों के समाधान को लेकर आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान की ओर से रविवार को हेल्थ हेल्पलाइन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शानदार रहा और करीब डेढ घंटे चले कॉल के सिलसिले में प्रदेशभर से लोगों ने फोन कर सवाल पूछे। आए सवालों के गांधी अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डा. प्रवीण पंवार जवाब देकर विस्तार से समझाया।

डा. पंवार ने कहा कि कोरोना की वजह से लॉकडाउन चल रहा है। ऐसे में सामान्य बीमारियों के मरीजों को दिक्कत हो रही होगी। लेकिन उनसे अपील है कि वो बिना डाक्टर की सलाह के दवा न लें, इससे नुकसान हो सकता है। सामान्य बीमारियों को नजरअंदाज न किया जाए, फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से डाक्टर से सलाह ले। बहुत जरूरी और इमरजेंसी हो तो अस्पताल आए। इसके अलावा कोरोना को लेकर बिल्कुल अपने मन में भ्रम न पाले। सर्तकता ही इसका बचाव है। अपने आप भी जागरूक रहे, लोगों को भी करें। 

कोरोना के केस बढ़ने पर विचलित न हो 

डा. प्रवीण पंवार का कहना था कि प्रवासियों के लौटने पर टेस्टिंग हो रही है। जाहिर सी बात है वो रेड जोन से आए है, ऐसे में उनमें संक्रमण हो सकता है। हमारे यहां कम्यूनिटी स्प्रेड नहीं है, बाहर की हिस्ट्री वालों में ही कोरोना पाया जा रहा है। इसीलिए उन्हें बार्डर पर ही क्वारंटाइन किया जा रहा है। केस बढ़ने की आशंका है, इसीलिए विचलित होने की जरूरत नहीं है। सावधानियां बरते और बाहर से आने वाले एवं होम क्वारंटाइन लोगों से दूरी बनाकर रखे। बार-बार अपने हाथ धोते रहे। 

मानसिक रूप से मजबूत रहना जरूरी 

डा. पंवार ने कहा कि कोरोना से बचने को लोगों को अपने अंदर से डर को निकालना होगा। हर किसी को खांसी जुकाम होने से कोरोना नहीं हो सकता, यह सामान्य वायरल होता है। मानसिक रूप से मजबूत रहकर सोशल डिस्टेंस, मास्क एवं सेनेटाइजर का प्रयोग, प्रशासन एवं चिकित्सकों की गाइडलाइन का पालन कर इसे हराने में हर किसी को सहयोग करना होगा।  

कोरोना के लक्षण 

खांसी, बुखार, थकान, सांस लेने में दिक्कत (ज्यादा गंभीर मामलों में)

ये एहतियात जरूर बरतें 

  • घर पर एक निश्चित दूरी बनाकर रखे 
  • हाथों को बार-बार साफ करते रहे
  • आंख, नाक या चेहरे पर बार बार हाथ न लगाए 
  • चेहरा ढ़ककर रखे

होम क्वारंटाइन में सावधानी जरूरी 

  • मास्क, ग्लवस का सही तरीके से निस्तारण करें 
  • घर में दो गज की दूरी एक-दूसरे सदस्य से बनाकर रखें 
  • बाहर न घूमे नहीं तो प्रशासन पुलिस कार्रवाई करेगा 
  • अपने घर के शौचालय बिल्कुल साफ रखे
  • खूब सीजनल फल खाएं 
  • कोई दिक्कत हो तो हेल्पलाइन पर बताए 
  • आरोग्य सेतू एप जरूर इंस्टॉल कर लें 

सवाल: मेरे पैर, घुटने में दर्द हो रहा है। एडियों में भी दर्द होता है। भुवन जोशी, हल्द्वानी, पुष्पा देवी गणेशपुरी, विकासनगर , सरिता देहरादून 
जवाब: आप यूरिक एसिड और शुगर की जांच कराएं। तब तक बताई गई दवा समय पर खाते रहे। कैल्शयिम पर्याप्त मात्रा में लें। आपका शुगर और वजन कंट्रोल रहना चाहिये। 
सवाल: आशाओं को संदिग्ध लोगों की तलाश के लिए कहा गया है। वो संदिग्ध की पहचान कैसे करेगी। क्योंकि धूप में तो तापमान सबका बढ़ जाता है। महेश भंडारी, देहरादून  
जवाब: हमारे यहां कम्यूनिटी स्प्रेड नहीं है। ट्रेवल हिस्ट्री वालों को ही कोरोना संक्रमित पाया गया है। ट्रेवल हिस्ट्री और कोई लक्षण दिखाई देने पर ही संदिग्ध माना जाएगा। तापमान कई बार चेक किया जाता है। 
सवाल: मेरी एक मित्र के हाथ, पैर और पेट में दर्द है। लेटते वक्त ज्यादा होता है, उपचार बताए। कुलदीप सहगल, जगदारी, हरियाणा 
जवाब: हीमोग्लोबिन कैल्शियम की वजह से हो सकता है। आप दोनों जांच कराएं। उसकी रिपोर्ट किसी डाक्टर को दिखा उपचार कराए। 
सवाल: गैस ऊपर को आती है, सांस की भी दिक्कत है। राजपाल सिंह हरिद्वार 
जवाब: एक अल्ट्रासाउंड कराए। तब तक बताई गई दवा तीन बार दिन में ले। 
सवाल: नोएडा में मेरा 34 साल का बेटा रहता है। उसकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। लेकिन बुखार हो रहा है। रानी शर्मा, देहरादून 
जवाब : रिपोर्ट नेगेटिव है तो घबराने जैसी बात नहीं है। सामान्य वायरल या गर्मी बढ़ने की वजह से दिक्कत हो सकती है। डाक्टर को दिखाकर उपचार कराए।  
सवाल: दो साल का बेटा है, उसकी आंख में लालिमा है, एक दवा डाली लेकिन उससे आराम नहीं लग रहा। विक्रम रूड़की 
जवाब: बिना डाक्टर के सलाह के आंख में कोई दवा न डाले, ये नुकसानदायक हो सकती है। बताई गई ड्रॉप डाले, आराम मिल जाएगा।  
सवाल: गले में खरास है कई दिन से। डाक्टर को दिखाया, बलगम था। ठीक नहीं हो रहा। महिपाल मेहरा, हल्द्वानी
जवाब: डरने की जरूरत नहीं है। एक दवा बताई है, उसे ले लो। आराम लग जाएगा। 
सवाल: मेरे पेट में अफारा होता है, खाना खाते ही दर्द रहता है। दीपक खटीमा, किशनलाल, रूड़की  
जवाब: रात में लेट खाना खाने और उसके न पचने की वजह से दिक्कत है। आप खाना खाने एवं सोने के समय में करीब एक-से डेढ घंटे का अंतराल रखे। तरल पदार्थ ज्यादा ले। फ्रूट्स खाएं। 
सवाल: पत्नी को टाइफाइड और हार्निया की शिकायत है। टाइफाइड बार बार रिपीट हो रहा है। संजय पांडेय, हल्द्वानी 
जवाब: जिस डाक्टर से उपचार चल रहा है। उन्हें दोबारा दिखाए। ऑप्रेशन की सलाह भी उन्हीं से ले। 
सवाल: मुझे पंद्रह-बीस साल से पाइल्स की दिक्कत है। गर्म और तीखा खाते ही दिक्कत होती है। मदनलाल, धर्मपुर दून 
जवाब: खून नहीं आ रहा है तो घबराने और ऑपरेशन की जरूरत नहीं है। आप गर्म और तीखा न खाएं। दिक्कत दूर हो जाएगी। खूब पानी पिये और तरल पदार्थ ले। 
सवाल : दस दिन से सांस फूल रहा है। जांच भी कराई, उसमें कुछ नहीं निकला। आराम भी नहीं है। बाला शर्मा, दून  
जवाब: एक बार और अस्पताल आकर दिखा ले। स्थिति देखकर उपचार किया जाएगा। 
सवाल: तीन साल से पेट में दर्द रहता है। दिन में भी और रात को भी। क्या करूं। अदिति कोठारी, दून 
जवाब: अल्ट्रासाउंड कराए और खूब पानी पिये। अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट दिखाएं। उसके बाद उपचार चलेगा। 
सवाल - मुझे इन दिनों कुछ घबराहट महसूस होती है। यूरिक एसिड कोलेस्ट्रॉल की भी दिक्कत है। क्या करें ? सरिता न्योलिया, देहरादून
जवाब - आपको घबराने की जरूरत नहीं है। कोई अच्छा केल्शियम ले सकते हैं। डाइट पर विशेष ध्यान दें। 
सवाल: पैरों में झझनाहट महसूस होती है। इसके अलावा कोरोना को लेकर किस हद तक एहतियात बरतने की जरूरत है। किन बातों का ज्यादा ख्याल रखें ? मनोज श्रीवास्तव, पिथौरागड़
जवाब - पैरों की समस्या के लिए आप विटामिन डी लें। इसके अलावा कोरोना को लेकर निश्चित रूप से सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखना है। मास्क पहनना है। कोई बाहर से आया है तो करीब दो सप्ताह घर पर रहना है। 
सवाल - क्या देहरादून में कम्युनिटी स्प्रेड जैसी स्थिति है ? जितेंद्र डंडोला, देहरादून
जवाब - यहां फिलहाल कोई ऐसा मामला प्रकाश में नहीं आया है। लेकिन एहतियात बरतना फिर भी जरूरी है। 
सवाल - क्या साबुन से भी कोरोना फैल सकता है ? मुकुल बहुगुणा, कारगी
जवाब - बहुत अच्छा सवाल है। बेहतर यही है कि इन दिनों लिक्विड साबुन का इस्तेमाल करें। या फिर अलग साबुन इस्तेमाल करें। 
सवाल - इन दिनों पेट में गैस की समस्या हो रही है। समाधान बताएं ? बसंती देवी, इंदिरा कॉलोनी देहरादून
जवाब - ज्यादातर घर के भीतर रहने की वजह से ऐसा हो रहा होगा। छत पर टहलें। खाना समय पर खाएं। 
सवाल - हाथ में चोट लगी थी। इन दिनों मुड़ भी नहीं पा रहा। क्या करें ? जितेंद्र सिंह बिष्ट, नया गांव 
जवाब - आप पहले चेक अप करवाइए। इसके बाद ही इलाज शुरू होगा। नजदीकी अस्पताल में एक बार दिखा लें तो बेहतर होगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें