ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडCovid-19 : उत्तराखंड में 24 मई के बाद तेजी से बढ़ा कोरोना का ग्राफ, पहाड़ में भी तेजी से फैला संक्रमण 

Covid-19 : उत्तराखंड में 24 मई के बाद तेजी से बढ़ा कोरोना का ग्राफ, पहाड़ में भी तेजी से फैला संक्रमण 

राज्य में कोरोना का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। शुरू में मरीजों के पॉजिटिव मिलने की रफ्तार बेहद धीमी थी। लेकिन 15 मई के बाद से मरीजों की संख्या में उछाल आया है। 24 मई के बाद से तो राज्य में...

Covid-19 : उत्तराखंड में 24 मई के बाद तेजी से बढ़ा कोरोना का ग्राफ, पहाड़ में भी तेजी से फैला संक्रमण 
हिन्दुस्तान टीम, देहरादूनMon, 01 Jun 2020 02:07 PM
ऐप पर पढ़ें

राज्य में कोरोना का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। शुरू में मरीजों के पॉजिटिव मिलने की रफ्तार बेहद धीमी थी। लेकिन 15 मई के बाद से मरीजों की संख्या में उछाल आया है।

24 मई के बाद से तो राज्य में मरीजों की संख्या अप्रत्याशित तेजी से बढ़ रही है। रविवार को राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 802 पहुंच गई है।

कोरोना का पहला मरीज राज्य में 15 मार्च को आया था। स्पेन से लौटे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी के एक ट्रेनी आईएफएस की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

उसके बाद से राज्य में मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। शुरू में विदेश से लौटे नागरिकों में कोरोना वायरस पाया गया था। विदेश से आए केवल सात लोग ही राज्य में पॉजिटिव आए और विदेशियों से राज्य में संक्रमण फैलने से रोकने में स्वास्थ्य विभाग कामयाब रहा।

उसके बाद जमातियों की वजह से राज्य में मरीजों की संख्या बढ़ी लेकिन सरकार ने कड़े कदम उठाकर जमातियों में कोरोना संक्रमण को भी काबू कर लिया। राज्य में पहला मरीज मिलने के दो महीने बाद तक हालात सामान्य ही चल रहे थे लेकिन प्रवासियों की वापसी के बाद से मरीजों की संख्या में बहुत तेजी से इजाफा हुआ है। 

राज्य में अभी तक पॉजिटिव पाए गए कुल कोरोना मरीजों में से 80 प्रतिशत से अधिक प्रवासी हैं। प्रवासियों की राज्य में वापसी की प्रक्रिया चार मई से शुरू हो गई थी।

15 मई आते आते प्रवासियों की वापसी बढ़ी और उसके साथ ही मरीजों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। एक ही दिन में बड़ी संख्या में मरीजों के आने से 24 मई के बाद से हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं।

पिछले एक सप्ताह के दौरान राज्य में छह सौ के करीब मिले हैं। राज्य में अभी तक पॉजिटिव पाए गए प्रवासियों में सबसे बड़ी संख्या महाराष्ट्र से आए लोगों की है। सरकार के आंकड़ों के अनुसार पॉजिटिव पाए गए प्रवासियों में से 70 प्रतिशत से अधिक मरीज महाराष्ट्र से लौटे प्रवासी हैं। 

 

पहाड़ में भी तेजी से फैला संक्रमण 
राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिले पहला मरीज मिलने के दो महीने बाद तक   ग्रीन जोन में थे। लेकिन 24 मई के बाद पर्वतीय जिलों में मरीजों के पॉजिटिव आने से तस्वीर बदल गई और सभी जिले ऑरेंज श्रेणी में आ गए। अब मैदान के साथ ही पहाड़ के जिलों में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। जिससे सरकार की चुनौती बढ़ रही है। 

 

इस प्रकार से बढ़े मरीज 

  • 1 सप्ताह 15 से 21 मार्च -  3 मरीज 
  • 2 सप्ताह 22 से 28 मार्च -  3 मरीज 
  • 3 सप्ताह 29 मार्च से 4 अप्रैल - 16 मरीज 
  • 4वां सप्ताह 5 अप्रैल से 11 अप्रैल - 13 मरीज 
  • 5वां सप्ताह 12 अप्रैल से 18 अप्रैल - 7 मरीज 
  • 6वां  सप्ताह 19 अप्रैल से 25 अप्रैल - 6 मरीज 
  • 7वां सप्ताह 26 अप्रैल से 2 मई - 11 मरीज 
  • 8वां सप्ताह 3 मई से 9 मई - 8 मरीज 
  • 9वां सप्ताह 10 मई से 16 मई - 24 मरीज 
  • 10वां सप्ताह 17 मई से 23 मई - 153 मरीज 
  • 11वां सप्ताह 24 मई से 30 मई - 505 मरीज 
  • 12वां सप्ताह 31 मई से शुरू  53 मरीज  
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें