ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडकांग्रेस नेताओं के ‘अच्छे दिन’ हो जाएंगे खत्म, लापरवाह कार्यकर्ताओं की होगी छुट्टी

कांग्रेस नेताओं के ‘अच्छे दिन’ हो जाएंगे खत्म, लापरवाह कार्यकर्ताओं की होगी छुट्टी

ओहदे पाने के बाद लापरवाह कांग्रेस नेताओं के ‘अच्छे दिन’ जाने वाले हैं। प्रदेश, जिला, महानगर एवं ब्लॉक स्तर पर हर महीने कार्यकारिणी की बैठक जरूरी होगी। जो पदाधिकारी लगातार दो बार इन बैठकों...

कांग्रेस नेताओं के ‘अच्छे दिन’ हो जाएंगे खत्म, लापरवाह कार्यकर्ताओं की होगी छुट्टी
हिन्दुस्तान टीम, देहरादूनMon, 11 Jan 2021 11:50 AM
ऐप पर पढ़ें

ओहदे पाने के बाद लापरवाह कांग्रेस नेताओं के ‘अच्छे दिन’ जाने वाले हैं। प्रदेश, जिला, महानगर एवं ब्लॉक स्तर पर हर महीने कार्यकारिणी की बैठक जरूरी होगी। जो पदाधिकारी लगातार दो बार इन बैठकों में शामिल नहीं होंगे, उन्हें पद से तत्काल हटा दिया जाएगा। उत्तराखंड प्रभारी देवेंद्र यादव ने प्रदेश संगठन को यह निर्देश जारी किए हैं।

गढ़वाल-कुमाऊं मंडल की समीक्षा के बाद यादव ने संगठन को कसना शुरू कर दिया है। प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री और सचिव स्तर के करीब-करीब सभी पदाधिकारियों को जिला-विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस आधार पर ही पदाधिकारियों का भविष्य तय होगा। प्रदेश महामंत्री (संगठन) विजय सारस्वत ने बताया कि, पहली अनुपस्थिति पर नोटिस, दूसरी बार भी गैरहाजिर रहने पर पद से हटाया जाएगा।

फ्रंटल संगठनों के प्रभारी बनाए: जिला-विधानसभा क्षेत्र प्रभारी के साथ कांग्रेस ने फ्रंटल संगठनों के लिए राज्य स्तरीय प्रभारी नियुक्त कर दिए। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा सदस्यता अभियान, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई की जिम्मेदारी देखेंगे। पूर्व विधायक राम यश सिंह एससी प्रकोष्ठ, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना कार्यक्रम क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति, प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट पंचायतीराज संगठन, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह बिंद्रा अल्पसंख्यक एवं उपाध्यक्ष पृथ्वीपाल चौहान को महिला कांग्रेस का दायित्व दिया गया है। ये फ्रंटल संगठन प्रमुखों संग तालमेल बनाकर सक्रिय होंगे।

राजभवन कूच में शामिल होंगे कांग्रेस के दिग्गज
किसानों के समर्थन में कांग्रेस 15 जनवरी को राजभवन कूच करेगी। एआईसीसी की सदस्य गरिमा महरा दसौनी ने बताया कि इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश समेत शीर्ष नेता शामिल होंगे।

उत्तराखंड प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी करने वाले नपेंगे
कुमाऊं की समीक्षा के दौरान प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के खिलाफ नारेबाजी को कांग्रेस नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के मामले में महामंत्री संगठन ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच कराएंगे। दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा पर किया पलटवार
भाजपा की आत्मावलोकन की सलाह पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। एआईसीसी सदस्य गरिमा महरा दसौनी ने कहा कि आत्मावलोकन तो भाजपा को करना चाहिए। सौ दिन में लोकायुक्त का वादा करके भाजपा ने सत्ता में चार साल गुजार दिए। एनएच घोटाले की सीबीआई जांच की बात कह यूटर्न ले लिया। भ्रष्टाचार के आरोप और विधानसभा सत्र में कार्य स्थगन प्रस्ताव लाने वाले विधायक को नोटिस क्यों थमाया गया। इसलिए, भाजपा को सवाल उठाने का नैतिक हक नहीं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें