ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडनिकाय चुनाव: कांग्रेस बागियों को साधने में जुटी,पार्टी प्रत्याशियों का गणित बिगाड़ सकते हैं बागी

निकाय चुनाव: कांग्रेस बागियों को साधने में जुटी,पार्टी प्रत्याशियों का गणित बिगाड़ सकते हैं बागी

नगर निकाय चुनाव में बागी प्रत्याशी कांग्रेस की मुसीबत बनेंगे। इस हकीकत को पार्टी भी महसूस कर रही है। इसी के चलते पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पूर्व मंत्री, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों...

निकाय चुनाव: कांग्रेस बागियों को साधने में जुटी,पार्टी प्रत्याशियों का गणित बिगाड़ सकते हैं बागी
लाइव हिन्दुस्तान टीम, देहरादूनThu, 25 Oct 2018 12:36 PM
ऐप पर पढ़ें

नगर निकाय चुनाव में बागी प्रत्याशी कांग्रेस की मुसीबत बनेंगे। इस हकीकत को पार्टी भी महसूस कर रही है। इसी के चलते पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पूर्व मंत्री, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों को बागियों को मनाने व उनकी नाम वापसी सुनिश्चित कराने का जिम्मा सौंप दिया है।  कई निकायों में सभासद के पदों पर कांग्रेस के बागियों ने ताल ठोक दी है। कई जगह ये, पार्टी प्रत्याशी का गणित बिगाड़ने की स्थिति में भी हैं। इसका असर पार्टी के मेयर व पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों पर भी पड़ेगा। कांग्रेस इस स्थिति का सामना नहीं करना चाहती व इसके लिए पार्टी ने बगावत की आग को बुझाने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। इन बागियों को मनाने के लिए कांग्रेस के पास 27 अक्तूबर यानी नाम वापसी तक का समय है। हर बागी को मनाने के लिए उनसे जुड़े करीबियों को जिम्मेदारी दी जा रही है। दून में कांग्रेस के प्रदेश सचिव रह चुके दिनेश भंडारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस से टिकट न मिलने पर उन्होंने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी ताल ठोक दी है। कांग्रेस देहरादून के 100 वार्डों में से करीब 30 में पार्षद पदों पर सीधे तौर पर बागियों से जूझ रही है। यह स्थिति लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों के वार्ड में सामने आ रही है। ऐसे में कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे नेताओं को फ्री हैंड दे दिया है। ये बागियों को मनाने और उनसे निपटने की रणनीति को अमलीजामा पहनाएंगे। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा का कहना है कि नाम वापसी तक अधिकांश को मना लिया जाएगा और कांग्रेस मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ रही है। 

चुनाव में पार्टी से जुड़े जो लोग बतौर निर्दलीय प्रत्याशी दावेदारी कर रहे हैं, उनसे बात की जा रही है। हमें विश्वास है कि सभी कांग्रेसजन साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। जिन लोगों को टिकट दिया गया है, वे भी पार्टी के ही पुराने और सक्रिय सदस्य हैं। सभी से बात की जा रही है। नाम वापसी में अभी समय है।
प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस


 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें