ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडनिकाय चुनाव: भाजपा में बागियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू

निकाय चुनाव: भाजपा में बागियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू

निकाय चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ मैदान में डटे बागियों पर भाजपा एक नवंबर के बाद से कार्रवाई करेगी। अभी भी बागियों को मनाने की कोशिशें चल रही हैं। निकाय चुनावों के नामवापसी तक...

निकाय चुनाव: भाजपा में बागियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू
लाइव हिन्दुस्तान टीम, देहरादूनWed, 31 Oct 2018 12:15 PM
ऐप पर पढ़ें

निकाय चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ मैदान में डटे बागियों पर भाजपा एक नवंबर के बाद से कार्रवाई करेगी। अभी भी बागियों को मनाने की कोशिशें चल रही हैं। निकाय चुनावों के नामवापसी तक भाजपा ने मेयर, पालिकाध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष के पदों पर बागी तेवर अपना कर पर्चा भरने वाले ज्यादात्तर कार्यकर्ताओं को मनवा लिया था, लेकिन अभी भी विभिन्न निकायों में लगभग 25 कार्यकर्ता बागी होकर चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी ने मेयर, अध्यक्ष, पार्षद व सभासद के पदों पर अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध ताल ठोंकने वाले पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को लगभग चिन्हित कर लिया है। सूत्रों ने बताया कि पार्टी अभी भी इस प्रतीक्षा में है कि कुछ रुठे कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में बैठ जाए। इसके लिए एक नवंबर तक इंतजार किया जा रहा है। 

चुनाव संचालन समिति बैठक स्थगित: भाजपा की एक नवंबर को होने वाली निकाय चुनाव संचालन समिति बैठक स्थगित कर दी है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी डा. देवेंद्र भसीन ने यह जानकारी दी है। पार्टी का मानना है कि चुनावों के चलते ज्यादात्तर पदाधिकारी जिलों में व्यस्त हैं, उन्हें अब फोन के जरिए ही नई रणनीति के बारे में बताया जाएगा।

निकाय चुनावों को लेकर जनता में है उत्साह: जाजू
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि निकाय चुनावों को लेकर जनता में उत्साह है। भाजपा राज्य में मेयर की सभी सातों सीटों पर जीत हासिल करेगी। निकाय चुनाव का बिगुल फुंकते ही भाजपा प्रभारी राज्य के दौरे पर हैं। वे रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी, कोटद्वार, हरिद्वार और ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की बैठक ले चुके हैं। बुधवार को वे देहरादून नगर निगम को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बनाएंगे। नगर निगमों के क्षेत्रों का दौरा कर दून पहुंचे  जाजू ने 'हिन्दुस्तान' को बताया कि भाजपा केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों को लेकर निकाय चुनावों मे जनता के बीच गई है। दोनों सरकारों के जनहित के फैसलों और विकास कार्यों के चलते राज्य की जनता का भाजपा के प्रति और विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सरकार की उपलब्धियों पर भाजपा थराली उप चुनाव जाती है। अब निकाय चुनावों में भी विधानसभा चुनावों की तरह नतीजे दोहराएंगे। 

अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ पर्चा दाखिल करने वाले ज्यादातर कार्यकर्ता नामांकन वापस ले चुके हैं। बचे लोगों को एक-दो दिन का मौका दिया है। जहां कोई मंडल पदाधिकारी बागी होकर चुनाव लड़ रहे हैं, उन स्थानों पर जिलाध्यक्षों को दूसरे नेताओं को जिम्मेदारी देने के निर्देश दिए हैं।     
अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें