ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंडविधानसभा चुनाव-2022:उत्तराखंड में चुनावी जंग के लिए मैदान सजा,भाजपा-कांग्रेस का जानें प्लान

विधानसभा चुनाव-2022:उत्तराखंड में चुनावी जंग के लिए मैदान सजा,भाजपा-कांग्रेस का जानें प्लान

उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव-2022 के मद्देनजर सियासी पार्टियों ने अपनी तैयारियों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। इस क्रम में जहां भाजपा जन आशीर्वाद रैलियों से जनता से संपर्क साध रही...

विधानसभा चुनाव-2022:उत्तराखंड में चुनावी जंग के लिए मैदान सजा,भाजपा-कांग्रेस का जानें प्लान
हिन्दुस्तान टीम, देहरादूनTue, 21 Sep 2021 10:42 AM
ऐप पर पढ़ें

उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव-2022 के मद्देनजर सियासी पार्टियों ने अपनी तैयारियों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। इस क्रम में जहां भाजपा जन आशीर्वाद रैलियों से जनता से संपर्क साध रही है वहीं, कांग्रेस एक के बाद एक परिवर्तन यात्रा कर अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटी है। इस बीच आम आदमी पार्टी भी नित नई चुनावी घोषणाएं कर मतदाताओं को रिझाने की कोशिशें कर रही है।

बहुजन समाज पार्टी भी जल्द ही विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति कर चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास करेगी। उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारी दशहरा के बाद प्रदेशभर में जाकर वोटरों से रूबरू होंगे। इन तैयारियों के बीच सभी राजनीतिक दल अपने संभावित प्रत्याशियों और टिकट के दावेदारों की जनता के बीच पकड़ को भी टटोल रहे हैं।

भाजपा रैलियों से बनाएगी माहौल
उत्तराखंड में भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जन आशीर्वाद रैलियों के जरिए अपने पक्ष में माहौल बनाने में लगी है। प्रदेशभर में सीएम की ऐसी 40 से अधिक रैलियां प्रस्तावित की गई हैं। मुख्यमंत्री श्रीनगर से जन आशीर्वाद रैली का आगाज कर चुके हैं। भाजपा ने अब हर जिले के बड़े कस्बों में इस तरह की रैलियां करने का फैसला लिया है।

भाजपा के उत्तराखंड चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी अपने दो दिन के देहरादून दौरे में साफ कर चुके हैं कि विधानसभा चुनाव में भाजपा का चेहरा मुख्यमंत्री धामी ही होंगे। ऐसे में भाजपा उनकी ऐसे स्थानों पर रैली का कार्यक्रम बना रही है, जिनसे कम से कम दो-तीन विधानसभा क्षेत्रों में माहौल बनाया जा सके। राज्य में मानसून सीजन खत्म होने जा रहा है,लिहाजा पहाड़ी जिलों में अब लगातार रैलियां होती रहेंगी। 22 सितंबर को सीएम की चमोली में रैली होनी है।

उधर, पार्टी अगले महीने से केंद्रीय नेताओं के दौर तय करने जा रही है। एक अक्तूबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कार्यक्रम तय हो चुका है। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यक्रम तय किए जाएंगे। राज्य में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य में दो जनसभाएं हो सकती हैं। 

कांग्रेस पहाड़ी क्षेत्रों में पितृ पक्ष के बाद करेगी यात्राएं
कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का दूसरा चरण सोमवार को हरिद्वार में पूरा हो गया। मैदानी जिलों के बाद कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा अब पर्वतीय क्षेत्रों का रुख करेगी। कांग्रेस पितृ पक्ष पूरा होने के बाद यात्रा का तीसरा चरण शुरू करेगी। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री मथुरादत्त जोशी ने बताया, पितृ पक्ष छह अक्तूबर तक जारी रहेंगे। इस दौरान शुभ कार्य वर्जित होते हैं इसलिए तय किया गया है कि यात्रा का तीसरा चरण छह अक्तूबर के बाद शुरू किया जाए।

उन्होंने कहा के तीन सितंबर से परिवर्तन यात्रा यूएसनगर से शुरू की गई थी। हर क्षेत्र में यात्रा को जनता का स्वत: स्फूर्त समर्थन मिला है। जहां कुछ दल भीड़ जुटाने के लिए श्रमिकों को किराए पर ला रहे हैं और उनका पैसा भी नहीं चुका रहे। वहीं कांग्रेस की यात्रा में लोग स्वयं ही उमड़ पड़े हैं। परिवर्तन यात्रा ने प्रदेश की सत्ता में भी परिवर्तन का संदेश दे दिया है।

भाजपा-आप की यात्राओं को जनता ने नकारा : प्रताप 
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा और ‘आप’ की तिरंगा यात्रा को जनता ने नकार दिया है। इन दोनों दलों से जनता का विश्वास खत्म हो चुका है। इनकी यात्रा से जनता की दूरी, इसके साफ संकेत दे रही है। धीरेंद्र ने कहा कि भाजपा ने साढ़े चार साल के कार्यकाल में जनहित में कुछ नहीं किया। कांग्रेस सरकार ने जनता के हित में जो-जो नीतियां बनाई थीं, भाजपा ने उन्हें भी खत्म कर दिया। आम आदमी पार्टी का कच्चा चिट्ठा भी खुल चुका है। ‘आप’ को राज्य में खाता खोलने तक के लाले पड़ जाएंगे।

बसपा का हरिद्वार पर विशेष फोकस
बहुजन समाज पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। राज्यभर में बूथ कमेटियों के गठन के बाद अब विधानसभा प्रभारियों को तैनात करने प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य गठन से ही बसपा वोट बैंक के लिहाज से प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी रही है। पार्टी का हरिद्वार व यूएसनगर की अधिकांश सीटों पर मजबूत जनाधार है।

इसके मद्देनजर बसपा ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश गौतम ने बताया कि पार्टी चुनाव की तैयारी में जुट गई है। बूथ कमेटियों के गठन के बाद विस प्रभारियों की तैनाती की जानी है। इसके लिए जल्द सूची बसपा सुप्रीमो मायावती को भेजेंगे। सूत्रों ने बताया कि आमतौर पर बसपा विधानसभा प्रभारियों को ही चुनाव मैदान में उतारती है। ऐसे में उनके चयन की प्रक्रिया को पार्टी के लिहाज से खासा अहम माना जा रहा है। बसपा के सूत्रों ने बताया कि पार्टी का मुख्य फोकस हरिद्वार पर है जहां की छह सीटों पर गत चुनाव में उसके प्रत्याशी दूसरे नंबर पर रहे या मामूली अंतर से तीसरे नंबर पर रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें