राज्य के सेवायोजन कार्यालयों के जरिए राज्य गठन के बाद से अभी तक सिर्फ 24056 बेरोजगारों को ही रोजगार मिल पाया है। ये आंकड़ा तारांकित प्रश्न के जवाब में श्रम मंत्री ने लिखित रूप से सदन के समक्ष रखा। भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने राज्य में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या और उन्हें रोजगार से जुड़े तारांकित प्रश्नों के जरिए जानकारी मांगी। श्रम मंत्री हरक सिंह ने बताया कि राज्य के सेवायोजन कार्यालयों में कुल पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या आठ लाख 29 हजार 139 है। राज्य गठन के बाद सेवायोजन कार्यालयों के माध्यम से कुल 24056 बेरोजगारों को ही नौकरी दिलाई है। सेवायोजन कार्यालयों में पंजीकृत बेरोजगारों को एक अप्रैल 2014 के बाद से रोजगार सह कौशल विकास भत्ता नहीं दिया जा रहा। बेरोजगारों को नौ नवंबर 2012 से मार्च 2014 तक ही बेरोजगारी भत्ता दिया गया।