ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड श्रीनगरचकराता में छह दिनों से हड़ताल पर डटे सफाई कर्मी

चकराता में छह दिनों से हड़ताल पर डटे सफाई कर्मी

छावनी परिषद में सफाई व्यवस्था संभाल रहे सफाई कर्मी बीते छह दिनों से हड़ताल पर डटे हुए हैं। सोमवार को भी कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन...

चकराता में छह दिनों से हड़ताल पर डटे सफाई कर्मी
हिन्दुस्तान टीम,विकासनगरMon, 21 Nov 2022 05:30 PM
ऐप पर पढ़ें

छावनी परिषद में सफाई व्यवस्था संभाल रहे सफाई कर्मी बीते छह दिनों से हड़ताल पर डटे हुए हैं। सोमवार को भी कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। कैंट अधिकारियों से वार्ता सफल नहीं होने पर कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया। दूसरी ओर, परिषद द्वारा अपने नियमित सफाई कर्मचारियों से बाजार में सफाई कराई जा रही है और कूड़ा एकत्र करने वाले वाहन से डोर टू डोर कूड़े का कलेक्शन भी करवाया जा रहा है।

ठेकेदार द्वारा समय से वेतन न दिए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर बीते बुधवार से छावनी परिषद के अंतर्गत आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहे 22 सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए थे। इससे छावनी बाजार की सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी। बाजार में जगह जगह कूड़े के ढेर लग गए थे। हड़ताल के अगले ही दिन कैंट बोर्ड द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था कर कूड़ा साफ कराया जाने लगा, लेकिन पर्याप्त सफाई कर्मी न होने से अधिकांश जगह सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा रही है। उधर, आउटसोर्सिंग से कार्य करने वाले सफाई कर्मी अपनी मांगें माने जाने के बाद ही काम पर लौटने की बात कर रहे हैं। सोमवार सुबह भी कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कैंट के अधिकारियों से मिल अपनी बात रखी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। सफाई कर्मियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती वह काम पर नहीं लौटेंगे।

प्रभारी सेनेट्री इंस्पेक्टर शेखर धीमान ने कहा कि सफाई कर्मियों का वेतन ठेकेदार द्वारा दे दिया गया है। वेतन बढ़ोतरी सहित अन्य जायज मांगों पर भी कार्यवाही का आश्वासन दिया है लेकिन कर्मचारी अपनी मांग पर अड़े हैं। कहा कि ठेकेदार को जल्द ही नए सफाई कर्मियों को तैनात करने को निर्देशित कर दिया गया है।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें