
चौरास में प्राधिकरण के तहत कार्यवाही पर जनता में रोष
विकासखंड कीर्तिनगर में प्राधिकरण द्वारा लोगों के घरों का चालान किए जाने पर स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। चौरास में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों ने एकजुट होकर प्राधिकरण के...
विकासखंड कीर्तिनगर में प्राधिकरण के तहत लोगों के घरों का चालान किए जाने पर स्थानीय लोगों ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। रविवार को चौरास में प्राधिकरण के विरोधस्वरूप एक बैठक आहूत की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ ही स्थानीय लोगों ने बडी संख्या में पहुंचकर प्राधिकरण का जोरदार विरोध किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि चौरास की जनता पर प्राधिकरण के तहत कार्यवाही होती है तो इसका विरोध कर आंदोलन किया जायेगा। जिला पंचायत सदस्य मढी चौरास निर्मला देवी भंडारी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य डा. प्रताप भंडारी, डा. उत्तम भंडारी, पूर्व ब्लाक प्रमुख विजयंत निजवाला, नरेंद्र भंडारी, विनोद चमोली ने कहा कि चौरास क्षेत्र की जनता पर 35 साल पुराने महायोजना के प्लान को लेकर प्राधिकरण के तहत लोगों के घरों का चालान किया जा रहा है।

कहा कि पूर्व की स्थिति और वर्तमान की स्थिति में बड़ा अंतर आ गया है। कहा कि जिन क्षेत्रों में आज बड़ी-बड़ी कॉलोनियां बन चुकी हैं और नए भवन बन चुके हैं,वहां पर 35 साल पहले बनाए गए नक्शे के आधार पर लोगों पर चालानी की जा रही है। कहा कि इस तरह की कार्यवाही किसी भी हद पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बताया कि अधिकारियों के द्वारा जिन भूमि पर मकान बने हैं, वहां पर कृषि भूमि होने की बात कही जा रही है,जबकि लोगों को मकान का नक्शा पास न कराने पर आवासीय भवनों को तोड़ने की बात तक की गई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा प्राधिकरण को लेकर परेशान किया गया तो विरोध किया जायेगा और जनता सरकार और शासन प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर होगी। बैठक में पूर्व ग्राम प्रधान रानीहाट संजय रावत, सरिता पुंडीर, प्रधान गोरशाली वासुदेव भट्ट, मनीष दंगवान, मुकेश भट्ट, यशपाल सिंह चौहान, मुकेश सिंह, आशीष गैरोला, राकेश बहुगुणा, हरेन्द्र मंद्रवाल आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


