एनईसी में राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराने पर कुलपति ने दी बधाई
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्रों ने आईआईटी बॉम्बे के नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज में चौथा स्थान प्राप्त किया। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने छात्रों की मेहनत और नवोन्मेषी सोच की सराहना की। टीम लीडर सूरज कुमार ने टीमवर्क और अनुभव साझा किए। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्रों के दल ने आईआईटी बॉम्बे के एंटरप्रेन्योरशिप सेल द्वारा आयोजित नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज (एनईसी) में चौथा स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उपलब्धि के उपरांत दल ने बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह से शिष्टाचार भेंट की। कुलपति ने छात्र दल को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विद्यार्थियों की मेहनत, नवोन्मेषी सोच और उद्यमशीलता क्षमता की सराहना की। कहा कि ऐसी उपलब्धियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ विश्वविद्यालय में नवाचार एवं उद्यमशीलता की संस्कृति को भी सशक्त करती हैं। गढ़वाल विवि के मुख्य छात्र सलाहकार प्रो. एमएम सेमवाल ने भी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास को सफलता का आधार बताया।
टीम लीडर सूरज कुमार ने बताया कि इस सफलता में टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान आई चुनौतियों, प्राप्त अनुभवों तथा सीखों को साझा किया और अपने नवोन्मेषी विचार का एक प्रोटोटाइप कुलपति के समक्ष प्रस्तुत किया। चर्चा के उपरांत कुलपति ने उन्हें अपने विचार को और विकसित कर पेटेंट प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान दिया। कार्यक्रम के फैकल्टी एडवाइजरी डॉ. डिगर सिंह ने छात्रों द्वारा किए गए प्रदर्शन की विस्तृत जानकारी साझा की। अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ (आरडीसी) के निदेशक प्रो. हेमवती नंदन, टेक्नोलॉजी प्री-इन्क्यूबेशन सेल (टीपीआईसी) के समन्वयक डॉ. रोहित महर, डॉ. भास्करन एवं डॉ. वरुण बर्थवाल, साथ ही विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा एवं सहायक कुलसचिव एसपी बादल ने कहा कि यह उपलब्धि एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


