Exclusive: श्रीनगर में ओजोन प्रदूषण ने सारे रिकॉर्ड तोड़े, दिल्ली और कानपुर से भी दोगुना
उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में ओजोन प्रदूषण के मामले में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली के 440 के मुकाबले यहां ओजोन का स्तर 880 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक पहुंच गया।

ओमप्रकाश सती, देहरादून
प्रदूषण शब्द आते ही आपको दिल्ली, कानपुर, लखनऊ जैसे शहर याद आ सकते हैं। पहाड़ी क्षेत्र की चर्चा हरियाली और स्वच्छ हवा के लिए ही अक्सर होती है। लेकिन आज हम आपको उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल की जो चिंताजनक तस्वीर दिखा रहे हैं वह प्रदूषण से जुड़ी है। श्रीनगर पहाड़ियों के बीच बसा छोटा सा शहर है, जो पौड़ी गढ़वाल में आता है और बदरी-केदारनाथ धाम यात्रा में पड़ने वाला अहम पड़ाव है। यहां ओजोन प्रदूषण ने दिल्ली और कानपुर को भी पछाड़ दिया।
श्रीनगर में धरातलीय ओजोन का स्तर बीते 19 दिसंबर 2025 को एक घंटे में 880 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक पहुंच गया। ये देश में अब तक ऑल टाइम हाई से लगभग दोगुना था। श्रीनगर गढ़वाल केंद्रीय विवि के भौतिक विज्ञान विभाग ने 15 सितंबर 2025 से 16 सितंबर 2026 तक लगातार वायु गुणवत्ता की निगरानी के बाद मंगलवार को ओजोन दिवस पर ये आंकड़े जारी किए।
श्रीनगर की चिंताजनक तस्वीर
वैज्ञानिकों ने प्रथमदृष्टया ओजोन के इस बढ़ते स्तर का सबसे बड़ा कारण जंगलों की आग को माना है। श्रीनगर गढ़वाल केंद्रीय विवि के भौतिक विज्ञान विभाग के प्रोफेसर और निगरानीकर्ता वैज्ञानिक डॉ. आलोक गौतम के अनुसार, ओजोन के स्तर में इस तरह का अचानक उछाल गंभीर अध्ययन का विषय है। अध्ययन में शामिल वैज्ञानिक डॉ. त्रिलोक चंद उपाध्याय के अनुसार, जंगलों में लगने वाली आग से बड़ी मात्रा में गैसें और कण वातावरण में पहुंचते हैं। वाहनों और अन्य दहन स्रोतों से निकलने वाले नाइट्रोजन ऑक्साइड भी ओजोन बनने में भूमिका निभाते हैं।
घाटी में फंसता है प्रदूषण
श्रीनगर में आठ घंटे का रोलिंग औसत भी 634.13 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज हुआ। यह ओजोन के लिए (सीपीसीबी) की आठ घंटे की 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की राष्ट्रीय सीमा से छह गुना से अधिक है। 339 दिनों के आंकड़ों का विश्लेषण में ये भी पता चला कि इनमें 26 दिन यानी करीब 7.7 प्रतिशत दिनों में ओजोन का आठ घंटे का औसत राष्ट्रीय मानक से ऊपर रहा। श्रीनगर की भौगोलिक स्थिति,मौसम ओजोन के बढ़ने की वजह समझने में अहम हैं। सर्दियों में कई बार जमीन के पास ठंडी और ऊपर गर्म हवा की परत बन जाती है। इससे प्रदूषण फैल नहीं पाता और घाटी में ही जमा होने लगता है।
दिल्ली में था रिकॉर्ड स्तर
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक धरातलीय ओजोन का सबसे ऊंचा स्तर 472 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज था। यह 19 मई 2025 को दिल्ली के सीआरआरआई-मथुरा रोड स्टेशन पर आठ घंटे के औसत में दर्ज हुआ था।

