चार सौ के बिल के मांगे साढ़े पांच सौ, विरोध पर सिर फोड़ा
शराब की दुकान के पास कैंटीन में दोस्तों के साथ गए एक युवक ने कैंटीन स्वामी और उसके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि चार सौ रुपये का बिल

अजय जोशी, रुद्रपुर। शराब की दुकान के पास कैंटीन में दोस्तों के साथ गए एक युवक ने कैंटीन स्वामी और उसके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि 400 रुपये का बिल देने के बाद 550 रुपये मांगने का विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अमर रस्तोगी पुत्र प्रकाश रस्तोगी रम्पुरा वार्ड आठ का निवासी है। पुलिस को दी तहरीर में अमर ने बताया कि वह 19 अप्रैल की शाम को रोडवेज बस स्टेशन के पास शराब के ठेके के पीछे सरकारी कैंटीन में अपने रिश्तेदार विपिन रस्तोगी, पुष्पेंद्र रस्तोगी और सूरज रस्तोगी के साथ गया था।
यहां उसने चाट खाई। इसके बाद जब बिल मांगा तो कैंटीन संचालक की ओर से 400 रुपये का बिल दिया गया। आरोप है कि कैंटीन संचालक ने चार सौ रुपये के बिल के 550 रुपये मांगे। जब उसने इसका विरोध किया तो कैंटीन स्वामी और उसके साथियों ने उसके सिर पर लोहे की राड से हमला कर दिया। इससे उसके सिर से खून बहने लगा और किसी तरह वह जान बचाकर वहां से भागा। बाहर एक सीपीयू कर्मी ने जब उसे लहुलूहान हालत में देखा तो उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर कैंटीन स्वामी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


