Rudrapur News: आम के बाग में जलभराव से ग्रामीण परेशान, एसडीएम को दिया ज्ञापन
Rudrapur News: खटीमा के वार्ड दो उमरूखुर्द-कंजाबाग स्थित आम के बाग में निकासी व्यवस्था बाधित होने से बरसाती पानी जमा हो गया है। पानी आसपास के घरों में घुसने और धान की फसल बर्बाद होने से स्थानीय लोग परेशान हैं। निवासियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर बंद पुलिया और नालों को खुलवाने तथा स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की।

Rudrapur News: खटीमा। वार्ड दो उमरूखुर्द-कंजाबाग में सैनिक कॉलोनी से आगे स्थित आम के बाग में बरसाती पानी की निकासी नहीं होने से स्थानीय लोग परेशान हैं। सोमवार को लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की। उपजिलाधिकारी तुषार सैनी को दिए ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि जलभराव के कारण आसपास के घरों में पानी घुस गया है। इससे धान की फसल भी बर्बाद हो गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, आम के बाग में पानी की निकासी के लिए उचित नाला नहीं बना है। पहले निकासी के लिए बनी पुलिया को आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने बंद कर दिया है।
इससे पानी की निकासी बाधित हो गई और बाग में तालाब जैसी स्थिति बन गई है। पानी घरों की ओर बहने से मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। वहीं, जलभराव से जहरीले सांपों और अन्य कीड़ों का खतरा बढ़ गया है। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से जमा पानी की जल्द निकासी कराने तथा बंद नालों और पुलिया को खुलवाकर स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में कुंती कार्की, भैरवी देवी, रेशमा, कृष्णा देवी, जयवंती देवी, सावित्री, त्रिशला देवी और अलका सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।

