एसआईआर में बीएलओ का सहयोग करें मतदाता : एसडीएम
किच्छा में एसडीएम गौरव पांडेय ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। मतदाता इसे भरकर वापस सौंपेंगे। यह प्रक्रिया 14 जुलाई को ड्राफ्ट सूची जारी करने तक जारी रहेगी। सभी मतदाताओं से सहयोग की अपील की गई है।

किच्छा, संवाददाता। एसडीएम गौरव पांडेय ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम आठ जून से शुरू हो चुका है। इसके प्रथम चरण में सात जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। मतदाता एसआईआर के संबंध में आवश्यक विवरण भरकर प्रपत्र बीएलओ को वापस सौंपेंगे, जिसके बाद जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। उन्होंने मतदाताओं से बीएलओ के कार्य में सहयोग करने की अपील की। मंगलवार को तहसील मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसडीएम ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है। उन्होंने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और बीएलओ एवं चुनाव आयोग की टीम को आवश्यक सहयोग देने की अपील की, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि पिछला एसआईआर वर्ष 2003 में हुआ था। सत्यापन के दौरान वर्ष 2003 की मतदाता सूची में संबंधित मतदाता अथवा उसके माता-पिता या दादा-दादी का नाम होना आवश्यक है, जिसके आधार पर मिलान किया जाएगा। मतदाता ‘वोटर हेल्पलाइन’ ऐप के माध्यम से भी गणना प्रपत्र ऑनलाइन भर सकते हैं। बीएलओ द्वारा सत्यापन के बाद प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। एसडीएम ने बताया कि 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। पूरी प्रक्रिया बीएलओ ऐप के माध्यम से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए गए हैं, जो इस प्रक्रिया में भाग लेते हुए बीएलओ के कार्यों की निगरानी भी करेंगे। एसडीएम ने बीएलए से निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बीएलओ का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को बीएलओ के कार्य में अनियमितता प्रतीत होती है तो वह बीएलओ सुपरवाइजर, तहसीलदार अथवा एसडीएम को शिकायत दे सकता है। पत्रकार वार्ता में तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


