विवाद में आमने-सामने आये दो पक्ष, जमकर चले लाठी-डंडे
रुद्रपुर में मामूली विवाद के दौरान दो पक्ष में जमकर लाठी-डंडे चलने का मामला सामने आया है। हमले में कई लोग घायल हो गए।

रुद्रपुर, संवाददाता। रुद्रपुर में मामूली विवाद के दौरान दो पक्ष में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें कई लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, दूधियानगर वार्ड नंबर 13 निवासी अस्पताल संचालक सचिन ने तहरीर देकर बताया कि 28 फरवरी की रात करीब 10 बजे बंद गैरेज से आवाजें आने पर उन्होंने वहां लिखे नंबर पर फोन कर सूचना दी। आरोप है कि इसके बाद गैरेज मालिक अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए अस्पताल में घुस गए।
विरोध करने पर उन लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए एक युवक को हमला कर घायल कर दिया गया। उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि इससे पहले भी गैरेज मालिक अक्सर विवाद करता रहता था। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि संचालक और अन्य लोगों पर गैरेज में फोन कर बुलाकर हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ अखबार वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


