Hindi NewsUttarakhand NewsRudrapur NewsUttarakhand s Development under CM Dhami s Leadership Major Projects Announced
प्रदेश हित में हर दिन एक नया काम कर रही है सरकार: धामी

प्रदेश हित में हर दिन एक नया काम कर रही है सरकार: धामी

संक्षेप:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर र

Dec 04, 2025 08:38 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
share Share
Follow Us on

रुद्रपुर, वरिष्ठ संवाददाता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तराखंड निरंतर विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। राज्य तेजी से नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश हित में प्रतिदिन नए कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य प्रदेश को आधुनिक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है, जिसके लिए विकास परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 590 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर बाईपास का निर्माण किया जा रहा है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और औद्योगिक व व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इसके साथ ही रुद्रपुर को खटीमा-टनकपुर और गदरपुर-जसपुर से जोड़ने वाली फोरलेन सड़कों का निर्माण भी प्रगति पर है। 55 करोड़ से मानूनगर-गदरपुर से दिनेशपुर-मटकोटा होते हुए सीधे हल्द्वानी को जोड़ने वाले मोटर मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य किया जा रहा है। कहा कि रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण के साथ-साथ नई सिग्नल लाइनें स्थापित की जा रही हैं तथा दो रेल ओवरब्रिज का निर्माण भी कराया जा रहा है। नगर की जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान को भी मंजूरी दे दी गई है। वहीं, 15 करोड़ रुपये की लागत से उत्तराखंड के पहले कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का निर्माण रुद्रपुर में किया जा रहा है तथा 17 करोड़ से एक अत्याधुनिक कूड़ा प्रबंधन संयंत्र भी स्थापित किया गया है, जिससे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि किच्छा में 351 करोड़ से 100 एकड़ भूमि पर एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी। इसके अलावा काशीपुर में अरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क और पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना कर औद्योगिक विकास को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के संयुक्त प्रयास से तराई क्षेत्र को एक आधुनिक और विकसित क्षेत्र बनाने का सपना अवश्य साकार होगा। सीएम धामी ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के आवास पर पहुंचकर उनकी माता से भेंट की, उनका आशीर्वाद लिया और उनके साथ भोजन भी किया। शुक्ल ने खुद को स्वतंत्रता आंदोलन के लिए किया था समर्पित मुख्यमंत्री ने पंडित रामसुमेर शुक्ल के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1936 में लाहौर अधिवेशन में मात्र 21 वर्ष की आयु में मोहम्मद अली जिन्ना के द्विराष्ट्रवाद सिद्धांत का खुलकर विरोध किया था, जिससे पूरे देश का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हुआ। महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने वकालत छोड़कर स्वयं को स्वतंत्रता आंदोलन के लिए समर्पित कर दिया। इस दौरान उन्हें कई बार जेल जाना पड़ा और अनेक यातनाएं भी सहनी पड़ीं, लेकिन उनका उत्साह कभी कम नहीं हुआ। तराई कॉलोनाइजेशन योजना के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने तराई के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। धामी है तो हामी है : शुक्ला कार्यक्रम के संयोजक पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत के नेतृत्व में पंडित रामसुमेर शुक्ल ने तराई को बसाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पहली पीढ़ी को मिलने वाली पारिवारिक पेंशन की राशि एक समान करने और उसमें बढ़ोतरी की मांग भी रखी। उन्होंने कहा, “धामी है तो हामी है।” शुक्ला जन्मजात नेता, बहुत अच्छे वक्ता मुख्यमंत्री ने राजेश शुक्ला की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे जन्मजात नेता हैं और हमेशा प्रखर वक्ता रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं सैनिक परिवार से होने के कारण उन्हें प्रारंभ में बोलने में संकोच होता था, लेकिन राजेश शुक्ला से संवाद कर उन्होंने आत्मविश्वास पाया। शुक्ला ने अक्सर कहा कि वक्तृता कला उन्हें अपने पिता से विरासत में मिली है। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दिनेश शुक्ला, दर्जाधारी अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, खातिब मलिक, मंजीत सिंह, उत्तम दत्ता, मुकेश कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष गदरपुर मिंटू गुम्बर, नगर पंचायत दिनेशपुर की अध्यक्ष मंजीत कौर, पंडित रामसुमेर शुक्ल मेमोरियल फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, सीडीओ दिवेश शाशनी, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, एसपी क्राइम निहारिका तोमर, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल तथा सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।