राष्ट्रीय दलों पर थारू-गैर थारू भूमि समस्या की अनदेखी का आरोप
उत्तराखंड क्रान्ति दल के जिलाध्यक्ष राम सिंह धामी ने भाजपा और कांग्रेस पर थारू-गैर थारू भूमि समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों सहित सभी किसानों को इस समस्या से प्रभावित होना पड़ा है। पार्टी इस मुद्दे को 2027 के चुनाव से पहले उठाने के लिए तैयार है।

असद जावेद, खटीमा। उत्तराखंड क्रान्ति दल के जिलाध्यक्ष राम सिंह धामी ने दोनों राष्ट्रीय दलों पर थारू-गैर थारू भूमि समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव की तैयारी कर रहे भाजपा नेता इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष नहीं उठा रहे हैं, वहीं विपक्ष के विधायक ने भी इस समस्या को न तो विधानसभा में उठाया और न ही जनता के बीच इस पर आवाज बुलंद की। रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्षों से लंबित इस भूमि समस्या का समाधान न भाजपा के पास है और न ही कांग्रेस के पास।
इस समस्या से पूर्व सैनिकों सहित सभी वर्गों के किसान प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि उनके पूर्वजों द्वारा जोड़ी गई कृषि भूमि अब तक उनके नाम दर्ज नहीं हो पाई है, जिसमें सर्वाधिक संख्या पूर्व सैनिकों की है। कहा कि उत्तराखंड क्रान्ति दल इस बार आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार है। थारू-गैर थारू भूमि समस्या और वंचित आंदोलनकारियों के मुद्दे पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब इस भूमि विवाद का ठोस समाधान निकाला जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


