Rudrapur News: खटीमा में धामी ने ऑक्सीजन पार्क का किया लोकार्पण
Rudrapur News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा सिटी पार्क (ऑक्सीजन पार्क) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने छह विकास घोषणाएं कीं, जिसमें पार्क का विस्तारीकरण, एक नया स्टेडियम, वेंडिंग जोन और पिंक शौचालय शामिल हैं। उन्होंने पर्यावरण संतुलन के साथ विकास को प्राथमिकता दी और क्षेत्रवासियों को स्वच्छ वातावरण की महत्वपूर्णता बताई।
Rudrapur News: खटीमा, संवाददाता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा सिटी पार्क (ऑक्सीजन पार्क) का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों से जुड़ी छह घोषणाएं कीं। इनमें सिटी पार्क का विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में शिफ्ट करना, खटीमा में स्टेडियम व क्रियाशाला का निर्माण, आधुनिक सर्किट हाउस और वेंडिंग जोन बनाना शामिल है। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और ओपन जिम में भी हाथ आजमाया। मुख्यमंत्री ने व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलास यात्रा मार्ग पर खटीमा की महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक सर्किट हाउस बनाने की घोषणा की।
उन्होंने वेंडिंग जोन के निर्माण तथा ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण और आवश्यक संसाधनों के लिए तत्काल वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। महिलाओं की सुविधा के लिए पार्क परिसर में पिंक शौचालय बनाने के निर्देश भी दिए। सीएम धामी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के दौर में हरे-भरे वनों का महत्व और बढ़ गया है। विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर आर्थिक तंत्र को मजबूत करना सरकार का ध्येय है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी रोजगार के अवसर सृजित हो सकें। इसी संतुलन को ध्यान में रखते हुए सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण की सौगात मिली है। इसे स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी का सामूहिक नागरिक दायित्व है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की ओर बढ़ रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने सिटी पार्क के विस्तारीकरण के साथ जीर्ण-शीर्ण वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने का अनुरोध किया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए घोषणा कर दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, डॉ. जेडए वारसी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, रंदीप पोखरिया, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, यूसी तिवारी और एडीएम कौस्तुभ मिश्रा आदि मौजूद रहे।


