भ्रष्टाचार पर नियंत्रण में सफल रही डबल इंजन सरकार: धामी

हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विकास और जन कल्याण संबंधी स्टॉलों का निरीक्षण किया और दीदी कैफे का शुभारंभ किया। सीएम ने विभिन्न योजनाओं के सकारात्मक प्रभावों पर चर्चा की और क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की reaffirmation की।

भ्रष्टाचार पर नियंत्रण में सफल रही डबल इंजन सरकार: धामी

खटीमा, संवाददाता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा स्थित शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान सीएम का पारंपरिक स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण संबंधी स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत संचालित दीदी कैफे का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सफल रही है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इन कदमों से युवाओं के हितों की रक्षा हुई है और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। मुख्यमंत्री ने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों का उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी दिया गया। मत्स्य विभाग ने ऑर्नामेंटल फिश यूनिट निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की, जबकि कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों को फार्म मशीनरी बैंक स्थापना के लिए अनुदान वितरित किया। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए और स्वास्थ्य विभाग ने जननी सुरक्षा योजना के तहत महिलाओं को लाभान्वित किया। सहकारिता विभाग ने शून्य ब्याज दर पर ऋण के चेक भी वितरित किए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, दर्जाधारी अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, नगरपालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।