ड्राइंग के पेपर से उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं का आगाज
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो गईं। पहले दिन ड्राइंग एवं पेंटिंग विषय की परीक्षा में 5603 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस वर्ष कुल 39,924 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
रुद्रपुर, संवाददाता। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं शनिवार से जिलेभर में शुरू हो गईं। पहले दिन इंटरमीडिएट की ड्राइंग एवं पेंटिंग विषय की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 110 परीक्षा केंद्रों पर 5603 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा गया। जिले में इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 39,924 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। बोर्ड परीक्षा की औपचारिक शुरुआत 12वीं कक्षा के ड्रॉइंग पेपर से हुई। प्रश्नपत्र में राष्ट्रीय ध्वज के अशोक चक्र के रंग, बंगाल शैली, मुगल कला शैली और मेवाड़ शैली की ‘मारु रागिनी’ चित्रकला से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिससे विद्यार्थियों की विषयगत समझ की परख की गई।
सुबह 10 बजे से शुरू हुई परीक्षा के लिए परीक्षार्थी निर्धारित समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में बैठने दिया गया। सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक और शिक्षक पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहे। पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


