मौर्य और एमेनिटी अकादमी ने जीते मुकाबले
रुद्रपुर में अंडर-19 जिला क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन मौर्य क्रिकेट अकादमी ने छावनी क्रिकेट अकादमी को 9 विकेट से हराया, जबकि एमेनिटी स्पोर्ट्स अकादमी ने मुंज्याल क्रिकेट अकादमी को 240 रनों से हराया। एमेनिटी अकादमी के मृत्युंजय ठाकुर ने 197 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया।

रुद्रपुर, संवाददाता। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ ऊधमसिंह नगर के तत्वावधान में आयोजित अंडर-19 जिला क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। इसमें मौर्य क्रिकेट अकादमी और एमेनिटी स्पोर्ट्स अकादमी ने अपने-अपने मैच जीते। पहला मैच एमेनिटी स्पोर्ट्स ग्राउंड पर मौर्य क्रिकेट अकादमी और छावनी क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए छावनी अकादमी ने 30 ओवर में 7 विकेट पर 174 रन बनाए। इसमें अर्शील ने 52 और अनमोल शर्मा ने 44 रनों का योगदान दिया। मौर्य अकादमी की ओर से सचिन सकलानी और संस्कार श्रीवास्तव ने 1-1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मौर्य क्रिकेट अकादमी के कप्तान मयंक मुडिला ने 72 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 9 विकेट से जीत दिलाई। दूसरा मुकाबला विशेष क्रिकेट अकादमी, बागवाला में एमेनिटी स्पोर्ट्स अकादमी और मुंज्याल क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। एमेनिटी अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवरों में 314 रन बनाए। इसमें मृत्युंजय ठाकुर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 197 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जबकि आदित्य साह ने 45 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंज्याल क्रिकेट अकादमी की टीम मात्र 70 रनों पर आउट हो गई। टीम की ओर से उवी ने 15 रन बनाए। एमेनिटी अकादमी की ओर से जीवन यादव ने 5 विकेट लिए, जबकि आयुष गुप्ता और रणवीर ने 2-2 विकेट झटके। एमेनिटी स्पोर्ट्स अकादमी ने यह मुकाबला 240 रनों से जीतकर दो अंक हासिल किए। मैच में दीपक आर्य और सत्येंद्र मिश्रा अंपायर रहे। इस दौरान बलवंत सिंह, गौरव तिवारी, आफताब आलम और सुनील यादव मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




