ग्रिफ में तैनात ट्रेड मैन और उनकी पत्नी का ट्रेन की चपेट में आने से मौत
ग्रिफ में ट्रेडमैन के पद पर तैनात सैनिक व उनकी पत्नी का ट्रेन से टकराकर मौत हो गई। दंपति संतना गांव में रिश्तेदारी में किसी काम से जा रहा था। पुलिस
खटीमा, संवाददाता। जनरल रिजर्व इंजीनियरिंग फोर्स (ग्रिफ) में तैनात एक सैन्यकर्मी और उनकी पत्नी की गुरुवार सुबह रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिव कॉलोनी, वार्ड संख्या-17 निवासी 57 वर्षीय रामदत्त अपनी 54 वर्षीय पत्नी नंदा देवी के साथ संतना गांव स्थित रिश्तेदारी में किसी आवश्यक कार्य से जा रहे थे। सुबह करीब आठ बजे जब दोनों मंडी समिति के पास स्थित गेट संख्या-29 ‘सी’ के समीप रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी पीलीभीत से टनकपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस ने दोनों गंभीर रूप से घायल दंपति को 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामदत्त मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के बगड़ीहाट क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में तेजपुर में ग्रिफ में ट्रेडमैन के पद पर तैनात थे। वे अपनी अगली तैनाती जम्मू में होने से पहले 22 नवंबर को एक माह की छुट्टी पर घर आए थे। दंपति की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस में भाजपा जिला मंत्री किशोर जोशी, भुवन जोशी सहित कई लोग पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। एसएसआई ललित सिंह रावल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




