दो सड़क हादसों में तीन की मौत, एक गंभीर घायल

Jan 01, 2026 05:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
share Share
Follow Us on

किच्छा के एनएच-74 पर दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में मोबाइल शॉप के मालिक मो. सैफ और उनके मित्र युगनप्रीत की मौत हुई, जबकि सोहेल अंसारी गंभीर रूप से घायल हैं। दूसरे हादसे में वेल्डर सतीश कुमार की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें उनकी भी मृत्यु हो गई।

दो सड़क हादसों में तीन की मौत, एक गंभीर घायल

किच्छा, संवाददाता। थाना पुलभट्टा क्षेत्र अंतर्गत एनएच-74 पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वालों में एक मोबाइल शॉप स्वामी था, जबकि एक निजी कर्मचारी था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम बघौरी सितारगंज निवासी मो. सैफ पुत्र इशहाक की सितारगंज में ‘आई वर्ल्ड मोबाइल’ नाम से दुकान है। उनके साथ उनके मित्र युगनप्रीत सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी साबेपुर, सितारगंज और सोहेल अंसारी पुत्र सरफराज अंसारी निवासी सिसैया, सितारगंज काम करते थे। बुधवार को तीनों थार वाहन से हल्द्वानी गए थे।

वापस लौटते समय रात करीब एक बजे एनएच-74 पर ग्राम बरी के पास वाहन अनियंत्रित होकर गन्ने के खेत में जा घुसा और कई पलटी खाते हुए बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 27 वर्षीय मो. सैफ और 18 वर्षीय युगनप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं सोहेल अंसारी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना गुरुवार सुबह की है। 48 वर्षीय सतीश कुमार पुत्र मदनलाल निवासी ग्राम पृथ्वीपुर, बहेड़ी जिला बरेली यूपी इंटार्क फैक्ट्री में वेल्डर का काम करते थे। ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-74 पर सिरौली के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सतीश को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं एक युवक की हालत गंभीर है। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;