रुद्रपुर में ई-रिक्शा की टक्कर से बालक की मौत
रुद्रपुर में रविवार को एक सड़क हादसे में 12 वर्षीय अंकित की मौत हो गई। वह सड़क पर दौड़ रहा था, तभी ई-रिक्शा से टकरा गया। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया, जिससे चालक भी घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और ई-रिक्शा को कब्जे में लिया।

रुद्रपुर, संवाददाता। ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में एक 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। जबकि ई-रिक्शा पलटने से चालक भी घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया। ट्रांजिट कैम्प थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि शिवनगर तिराहे के पास रविवार दोपहर करीब 2 बजे शिवनगर निवासी 12 वर्षीय अंकित पुत्र धीरज सड़क किनारे दौड़ लगा रहा था। इसी दौरान उसने अचानक सड़क पार करने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा भी पलट गया और उसका चालक पूरन लाल पुत्र ओमप्रकाश निवासी शिवनगर भी घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और चीता मोबाइल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया, जबकि ई-रिक्शा चालक का उपचार जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसा सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है। पुलिस ने ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर पंचनामा की कार्यवाही की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


