
चार दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ा
खटीमा में एक सड़क हादसे में घायल युवक का इलाज के दौरान निधन हो गया। 3 दिसंबर को बाइक पर जा रहे तीन युवकों को कार ने टक्कर मारी थी। गंभीर रूप से घायल कुलदीप (33) को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी, वृद्ध माँ और दो बहनें हैं।
खटीमा, संवाददाता। चार दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल युवक की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। बीते 3 दिसंबर को सरपुड़ा निवासी तीन युवक नेतराम (40) कुलदीप (33) व बसंत (18) एक बाइक पर सवार होकर पोलीगंज के पास स्कूल में लगे दिव्यांग शिविर में जा रहे थे। इसी दौरान पोलीगंज के पास पीछे से आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। आपातकालीन सेवा 108 तीनों घायलों को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने कुलदीप (33) पुत्र बाबूराम की हालत गंभीर होते देख हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान शुक्रवार देर शाम युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। शनिवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनो को सौंप दिया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार युवक चार भाइयों में सबसे छोटा था। तीन भाइयों की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। इसकी दो बहनें हैं जिनका विवाह हो चुका है। तीन वर्ष पूर्व इसका विवाह हुआ था। मृतक अपने पीछे वृद्व मां, पत्नी व दो बहनों को रोता बिलखता छोड़ गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




