कनेक्शन केबल ठीक करते समय पोल से गिरा पीएसी जवान, मौत
रुद्रपुर में 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात जवान धर्मेंद्र सिंह रावत बिजली का कनेक्शन ठीक करते समय पोल से गिर गए। गंभीर चोट के बाद इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। मामले की जांच जारी है।

रुद्रपुर, संवाददाता। रुद्रपुर की 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात एक जवान सोमवार शाम घर के बाहर बिजली का कनेक्शन केबल ठीक करते समय पोल से गिर गया। गंभीर रूप से घायल जवान को पहले निजी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मूल रूप से रानीखेत निवासी 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह वर्तमान में रुद्रपुर के ग्रीन व्यू सिटी, वार्ड नंबर-16, बगवाड़ा में पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। सोमवार शाम वह घर की बिजली का कनेक्शन केबल ठीक करने के लिए बाहर लगे बिजली के पोल पर चढ़े थे।
इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी बेसुध हो गई। वहीं 31वीं वाहिनी पीएसी में भी शोक की लहर है। चिकित्सकों का कहना है कि मौत करंट लगने से हुई या पोल से गिरने के कारण आई गंभीर चोट से, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


